आयरलैंड के खिलाफ  दूसरा T20 मुकाबला टीम इंडिया बमुश्किल जीत पाई पहाड़ जैसा 225 रनों का स्कोर खड़ा करने के बाद भी भारतीय गेंदबाजों की नाकामी से टीम इंडिया को आखरी ओवर में जीत नसीब हो सकी। इस मुकाबले के बाद टीम इंडिया  की T-20 वर्ल्ड कप की तैयारियों पर भी सवाल खड़े हो गए। 

आयरलैंड जैसी कमजोर कहीं जाने वाली टीम के बल्लेबाजों ने जिस तरह भारतीय गेंदबाजों की धुनाई लगाई, उससे टीम मैनेजमेंट जरूर चिंता में आ गया होगा। बड़ी बात यह रही कि इस मुकाबले में ना तो टीम इंडिया के गेंदबाजों की स्पीड काम आई और ना ही स्पिन।  

पहले मैच के हीरो  और अनुभवी स्विंग गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की इस मुकाबले में जमकर पिटाई हुई। भुवनेश्वर ने अपने चार ओवर में 46 रन दिए। वही आईपीएल के स्टार गेंदबाज हर्षल पटेल तो 4 ओवर में 54 रन लुटा बैठे। 

टीम इंडिया के लिए सबसे निराशाजनक प्रदर्शन तो आईपीएल में अपनी स्पीड से चर्चा में आए उमरानमलिक का रहा। उमरान मलिक दोनों मुकाबलों में बेअसर साबित हुए और उनकी स्पीड न तो रन रोक पाई और न टीम इंडिया को विकेट दिला पाई। दूसरे मुकाबले में उन्होंने भी अपने 4 ओवर में 42 रन दे दिए। पहले मुकाबले में उमरान को एक ही ओवर मिल पाया था जिसमें उन्होंने 12 रन दे दिए थे। 

वहीं टीम इंडिया का स्पिन डिपार्टमेंट भी साधारण दिखाई दिया। अक्षर पटेल  टीम इंडिया के भरोसे पर खरे नहीं उतर पाए। दोनों मुकाबलों में उनका प्रदर्शन भी निराशाजनक ही रहा।  अक्षर पटेल दोनों मुकाबलों में एक भी विकेट लेने में कामयाब नहीं हो पाए। वहीं रवि बिश्नोई भी कमाल नहीं दिखा सके। 

टीम इंडिया के गेंदबाजों का यह प्रदर्शन T-20 वर्ल्ड कप की तैयारियों को देखते हुए बेहद निराशाजनक है। हालांकि इस दौरे में जसप्रीत बुमराह मोहम्मद शमी जैसे सीनियर गेंदबाजों को रेस्ट दिया गया था लेकिन उनके विकल्प के तौर पर टीम में शामिल किए गए गेंदबाज वर्ल्ड कप की तैयारियों पर खरे नहीं उतर सके।