T-20 वर्ल्ड कप में नीदरलैंड ने साउथ अफ्रीका को 13 रन से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। इस हार के साथ ही दक्षिण अफ्रीका सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गया भारत अपने आख़िरी मुकाबले से पहले ही सेमीफाइनल पहुंच गया है।
अब इस ग्रुप से सेमीफायनल में पहुँचने वाली दूसरी टीम का फैसला पाकिस्तान और बांग्लादेश के मैच से होगा। इस मुकाबले में जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में प्रवेश कर जाएगी। वहीं इस मुकाबले के बाद होने वाला भारत और जिम्बाब्वे का मैच केवल औपचारिकता रह जाएगा।
नीदरलैंड्स ने रविवार को अपने आखिरी मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 13 रन से हराया। नीदरलैंड्स ने पहले खेलते हुए 4 विकेट पर 158 रन का अच्छा स्कोर बनाया। जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 8 विकेट पर 145 रन ही बना सकी।
लक्ष्य क पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. टीम ने 39 रन पर दोनों ओपनर्स के विकेट गंवा दिए। क्विंटन डिकॉक 13 और कप्तान टेंबा बावुमा सिर्फ 20 रन बना सके। रिली रुसो भी 25 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। एडेन मारक्रम और डेविड मिलर दोनों 17-17 रन बनाकर आउट हुए। तेज गेंदबाज ब्रेंडन ग्लोवर ने 3 विकेट झटके. फ्रेड क्लासेन और बास डी लीड को 2-2 विकेट मिले।
इससे पहले नीदरलैंड्स ने बेहतरीन शुरुआत की. ओपनर बल्लेबाज स्टीफन मायबर्ग ने 37 और मैक्स ओ डाउड ने 29 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 58 रन जोड़े। नंबर-3 पर उतरे टॉम कूपर ने 19 गेंद पर 35 रन बनाए. अंत में एकरमैन ने बेहतरीन पारी खेलकर स्कोर को 150 रन के पार पहुंचाया।
पाकिस्तान और बांग्लादेश दोनों के 4-4 मैच में 4-4 अंक हैं। ऐसे में यह मैच जीतने वाली टीम ग्रुप से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बनेगी।