भोपाल: मप्र विधानसभा के स्पीकर गिरीश गौतम रीवा जिले में स्थित अपनी देवतालाब विधानसभा सीट को तहसील का दर्जा दिलाने जा रहे हैं। उनके आग्रह पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजस्व विभाग के माध्यम से इसकी प्रक्रिया शुरु कर दी है। आगामी 23 अप्रैल के बाद नई तहसील विधिवत रुप से गठित कर दी जायेगी।

इसका मुख्यालय भी देवतालाब ही रहेगा। राजस्व विभाग द्वारा इस संबंध में नई गठित की जाने वाली तहसील देवतालाब के लिये अधिसूचना जारी कर दी है। इसके लिये वर्तमान तहसीलों मऊगंज एवं नई गढ़ी की सीमाओं में परिवर्तन किया जायेगा। नवगठित देवतालाब तहसील में तहसील मऊगंज के राजस्व निरीक्षक मंडल देवतलाब के पटवारी हल्का नंबर 1 से 15 एवं 47 से 49, राजस्व निरीक्षक मंडल रतनगवां के पटवारी हल्का नंबर 16 से 29 व 55 से 56, राजस्व निरीक्षक मंडल सीतापुर के पटवारी हल्का नंबर 40, 42, 43 तथा तहसील नईगढ़ी के राजस्व निरीक्षक मंडल खर्रा के पटवारी हल्का नंबर 21 से 28 व 54 से 58 शामिल होंगे। राजस्व विभाग ने नई तहसील के गठन का उद्देश्य क्षेत्र का प्रशासन समुचित एवं प्रभावी रुप से किया जाना बताया है।

राजस्व विभाग ने की गफलत :

देवतालाब को तहसील बनाने के लिये राजस्व विभाग ने जो अधिसूचना जारी की है, उसमें कई त्रुटियां हो गई हैं। मसलन देवतालाब तहसील का नवीन अनुभाग पोरसा बताया गया है जबकि यह अनुभाग मुरैना जिले में आता है। इसके अलावा, देवतालाब तहसील की चतुर्दश सीमाओं में पूर्व में क्वारी नदी अनुभाग मेहगांव जिला भिण्ड, पश्चिम में अनुभाग अम्बाह, उत्तर में चंबल नदी उप्र तथा दक्षिण में अनुभाग मुरैना बताया गया है जबकि ये चतुदर्श सीमायें मुरैना जिले की नवीन पोरसा अनुभाग की हैं। इस गफलत के बारे में राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव मपीष रस्तोगी का कहना है कि इसे सुधारा जायेगा।