भोपाल: देश में कोरोना वायरस के तीन वैरियेन्ट सक्रिय हैं जिनमें ओमिक्रान के बीए वन एवं बीए टु वैकिरयेन्ट हैं जबकि कोविड का एक्सई वैरियेन्ट है। ये तीनों वैरियेन्ट विदेश में पाये गये हैं तथा इनसे निपटने के निर्देश के बावजूद मप्र आये करीब दस हजार यात्रियों की ट्रेसिंग नहीं की गई है।

यह बात स्वास्थ्य संचालनालय भोपाल की अपर संचालक वीणा सिन्हा ने पकड़ी है तथा प्रदेश के सभी सीएमएचओ को निर्देश जारी कर इन अनट्रेस्ड यात्रियों की गंभीरता के साथ ट्रेसिंग करने के लिये कहा है।

अपर संचालक ने अपने निर्देश में कहा है कि एयर सुविधा पोर्टल से प्राप्त अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों की जानकारी, जिनका मप्र में आगमन हुआ है, उनका विवरण, संबंधित जिलों को ई-मेल, व्हाट्सप ग्रुप मैसेज एवं एमस्क्रीन एप के माध्यम से सूचित किये जाने के पश्चात एप पर जिलों द्वारा यात्रियों की ट्रेसिंग कर अद्यतन किया जाता है।

1 फरवरी 2022 से 3 अप्रैल 2022 तक 17151 अंतर्राष्ट्रीय यात्री मप्र पहुंचे चुके हैं, उनमें से 6382 यात्रियों को ट्रेस किया जा चुका है एवं 10 हजार 769 यात्रियों को ट्रेस नहीं किया गया है। उनकी जिलेवार सूची एमस्क्रीन एप पर उपलब्ध है।

अपर संचालक ने कहा है कि कुछ जिलों द्वारा अंतर्राष्ट्रीय यात्री की ट्रेसिंग संबंधित गतिविधि नहीं की जा रही है। आगर मालवा, बालाघाट, दतिया, डिंडौरी, हरदा, कटनी, नरसिंहपुर, पन्ना एवं सीधी द्वार एप पर जीरो ट्रेसिंग दर्शाई है। उक्त के अलावा बैतूल, सिंगरौली, झाबुआ, अलिराजपुर, सागर, जबलपुर, नर्मदापुरम (होशंगाबाद), भिंड, सतना, श्योपुर, शाजापुर, ग्वालियर, रीवा, भोपाल, उज्जैन, छतरपुर, इंदौर, देवास, अनूपपुर एवं खण्डवा जिलों द्वारा अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों की ट्रेसिंग का कार्य 50 प्रतिशत से कम किया गया है।

भारत शासन के निर्देशानुसार यह कार्यवाही नियमित रूप से संपादित किया जाना अतिआवश्यक है ताकि प्रोटोकॉल का पालन कर समय रहते उचित कार्यवाही की जा सके।