नया साल आने में अब गिनती के दिन बाकी हैं। कोरोना के बाद इस बार लोग 2023 का जश्न बड़ी ही धूम-धाम से मनाने वाले हैं। न्यू ईयर पर ज्यादातर लोग कॉकटेल पार्टी का लुत्फ उठाते हैं। 

न्यू ईयर पर शराब पीना मानों एक हाई सोसाइटी का कल्चर बन गया हो। ऐसे में कुछ लोग अधिक मात्रा में ड्रिंक्स का सेवन कर लेते हैं। पार्टी के अगले दिन उन्हें हैंगओवर की समस्या हो जाती है और यह खतरनाक हो सकती है। 

इससे सिरदर्द, उल्टी, डिहाइड्रेशन और शरीर में दर्द जैसी कई समस्याएं हो जाती हैं। इन मुश्किलों को कम करने के लिए आप कुछ आसान टिप्स आजमा सकते हैं।

तो जानिए क्या हैं ये टिप्स..!

नींबू पानी पिएं-

नींबू पानी हैंगओवर को कंट्रोल करने का सबसे अच्छा तरीका है। एक गिलास हल्के गुनगुने पानी में आधा नींबू का रस मिलाएं और रात को सोने से पहले पिएं। इससे सिरदर्द में आराम मिलेगा और मन भी नहीं घबराएगा। साथ ही इससे उल्टी या दस्त की संभावना भी कम हो जाती है।

दही का करें सेवन-

दही नशा उतारने में बेहद कारगर होता है। ये किसी भी अन्य घरेलू उपाय से बेहतर है, लेकिन इसे फीका ही खाएं, शक्कर का प्रयोग न करें। ये बॉडी में गुड बैक्टीरिया को बढ़ाता है। अक्सर शराब पीने की वजह से बॉडी में हार्मफुल बैक्टीरिया गट हेल्थ के साथ खिलवाड़ करने लगते हैं। उन खराब बैक्टीरिया की जगह गुड बैक्टीरिया का संतुलन बनाकर दही हैंगओवर को कंट्रोल करने का काम करता है।

नारियल पानी पिएं-

हैंगओवर उतारने का नारियल पानी भी एक बेहतर तरीका है। ज्यादा नशा करने की वजह से शरीर में पानी की कमी हो जाती है। नारियल पानी में इलेक्ट्रोलाइट्स होते हैं, जो बॉडी को फिर से हाइड्रेट करते हैं और आवश्यक न्यूट्रिएंट्स पहुंचाते है। इससे नशा जल्दी कंट्रोल होता है।

पोटैशियम से भरपूर खाद्य पदार्थ खाएं-

अगर आप ज्यादा शराब का सेवन करते हैं तो शरीर में पोटेशियम की कमी हो जाती है। इससे शरीर में थकान और कमजोरी होने लगती है। ऐसे में पोटैशियम युक्त खाद्य पदार्थ जैसे केले का सेवन करें। आप इसे मिल्क शेक बनाकर भी पी सकते हैं। इससे हैंगओवर जल्दी ठीक हो जाता है।

इसके सेवन से बचें-

ज्यादा शराब पीने से हैंगओवर हो सकता है। इससे बचने के लिए जरूरी है कि आप लिमिट में ही पिएं। साथ ही हमेशा शराब का सेवन सीमित मात्रा में करें। अगर आपको शराब की वजह से हैंगओवर हो गया है तो पिज्जा, फ्राइज जैसी चीजों के सेवन से बचना जरूरी है।