सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर आज न्यूजीलैंड का मुकाबला एशियाई चैम्पियन श्रीलंका से था। दोनों टीमों के बीच पहले स्थान पाने के लिए मुकाबला था। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 167 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 19.2 ओवर में 102 रन पर ही ढेर हो गई।
यानि कि टी20 वर्ल्ड कप के 27वें मैच में न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को 65 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मैच में न्यूजीलैंड की तरफ से ग्लेन फिलिप्स ने 64 गेंदों पर 104 रन बनाए। वहीं इस टी20 वर्ल्ड कप में अपना पहला मैच खेल रहे डैरिल मिशेल ने 22 रन बनाए।
जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 19.2 ओवर में 102 रन ही बना सकी। श्रीलंका के नौ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। सातवें ओवर तक श्रीलंका ने 24 रन पर पांच विकेट खो दिए थे। पथुम निशंका और धनंजय डी सिल्वा खाता भी नहीं खोल पाए। कुसल मेंडिस 4 रन बनाकर आउट हुए। चरित असलांका 4 रन पर और चमिका करुणारत्ने 3 रन पर आउट हो गए। इसके बाद भानुका राजपक्षे ने छठे विकेट के लिए कप्तान दासुन शनाका के साथ 34 रनों की साझेदारी की। राजपक्षे 22 गेंदों में 34 रन बनाकर आउट हो गए। राजपक्षे ने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए।
वनिंदु हसरंगा चार और महेश तिक्षाना शून्य पर आउट हुए। कप्तान दासुन शनाका 32 गेंदों पर 35 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, ईश सोढ़ी ने लाहिरू कुमारा को आउट कर श्रीलंका की पारी को 102 रन पर समेट दिया। न्यूजीलैंड के लिए ट्रेंट बोल्ट ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 13 रन देकर चार विकेट लिए. वहीं, मिशेल सेंटनर और ईश सोढ़ी को दो-दो विकेट मिले। टिम साउदी और लॉकी फर्ग्यूसन को एक-एक विकेट मिला।