बेलफास्ट. इंटरनेशनल करियर के पहले ओवर में हैट्रिक लेकर न्यूजीलैंड के गेंदबाज ने कमाल कर दिखाया है. बॉलर माइकल ब्रेसवेल ने टी-20 इंटरनेशनल में यह नया रिकॉर्ड बनाया है। ब्रेसवेल ने अपने टी-20 करियर के पहले ही ओवर में हैट्रिक ली है। टी-20 इंटरनेशनल में ऐसा करने वाले वे दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं।
ब्रेसवेल 2 टी-20 मैच खेल चुके हैं पर उन्होंने गेंदबाजी दूसरे टी-20 मैच में आयरलैंड के खिलाफ की। इस मैच में उन्होंने 5 गेंदों में 5 रन देकर 3 विकेट ले लिए। इसी ओवर में आयरलैंड की टीम ऑल आउट भी हो गई। आयरलैंड दौरे पर गई न्यूजीलैंड टीम 3 टी-20 मैचों की सीरीज में 2 मुकाबले जीत चुकी है। दूसरे टी-20 में न्यूजीलैंड टीम ने 179 रन का टारगेट आयरलैंड को दिया था। आयरलैंड महज 91 रनों पर ऑलआउट हो गई।
खास बात यह है कि माइकल ब्रेसवेल वनडे सीरीज में अपने बल्ले का जौहर दिखा चुके हैं। उन्होंने पहले मुकाबले में नाबाद 127* रन की जोरदार पारी खेली थी। आखिरी और 50वें ओवर में टीम को जीत के लिए 20 रन की दरकार थी तब 5 छक्के जमाकर उन्होंने टीम को जिताया था। वनडे क्रिकेट के आखिरी ओवर में यह सबसे बड़ा रन चेज है।
14वें ओवर में गेंदबाजी करने आए ब्रेसवेल ने इस तरह ली अपनी हैट्रिक
पहली गेंद: मैकार्थी ने चौका लगा दिया
दूसरी गेंद: मैकार्थी ने एक रन लिया
तीसरी गेंद: मार्क अडायर डीप मिड विकेट पर कैच आउट
चौथी गेंद: स्ट्राइक पर आए मैकार्थी कैचआउट
पांचवीं गेंद: क्रिग क्रेग यंग भी कैच आउट