न्यूजीलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ 168 रनों का लक्ष्य रखा है। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 167 रन बनाए। एक समय न्यूजीलैंड की टीम ने चार ओवर में 15 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे।
जिसमें फिन एलन ने एक रन, डेवोन कॉनवे ने एक रन और कप्तान केन विलियमसन ने आठ रन बनाए। इसके बाद ग्लेन फिलिप्स और डेरिल मिशेल ने चौथे विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी की। मिशेल 24 गेंदों पर 22 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ग्लेन फिलिप्स ने 39 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
तो वहीं जेम्स नीशम आठ गेंदों में पांच रन बनाने में सफल रहे। इस बीच, फिलिप्स ने एक छोर संभाला और 61 गेंदों पर अपना दूसरा टी 20 अंतरराष्ट्रीय करियर शतक बनाया। हालांकि फिलिप्स आखिरी ओवर में आउट हो गए। उन्हें शनाका ने लहिरू कुमारा के हाथों कैच कराया। फिलिप्स 64 गेंदों पर 10 चौकों और चार छक्कों की मदद से 104 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 162.50 का रहा।
ईश सोढ़ी एक रन पर आउट हुए। मिचेल सेंटनर ने पांच गेंदों में 11 और टिम साउदी ने एक गेंद में चार रन बनाए. श्रीलंका की ओर से सबसे ज्यादा दो विकेट लेने वाले गेंदबाज कसुन रजिता रहे। वहीं महेश तिक्षा, धनंजय डिसिल्वा, वनिन्दु हसरंगा और लाहिरू कुमारा को एक-एक विकेट मिला।
आज सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में एशियाई चैंपियन श्रीलंका और न्यूजीलैंड का सामना हो रहा है। दोनों टीमें पहले स्थान के लिए लड़ रही हैं। न्यूजीलैंड की टीम के दो मैचों में तीन अंक हैं और टीम सुपर-12 दौर के ग्रुप-1 में शीर्ष पर है। इसके साथ ही श्रीलंका की टीम दो मैचों में दो अंक के साथ पांचवें स्थान पर है। अगर कीवी टीम इस मैच को जीत जाती है तो वह टॉप पर बनी रहेगी, वहीं अगर श्रीलंका यह मैच जीत जाती है तो टीम चार पायदान की छलांग लगाकर नंबर एक पर पहुंच जाएगी। ऐसे में मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है।