News Criminal Law: अमित शाह ने गिनाए नए आपराधिक कानूनों के फायदे, पहली ऑनलाइन FIR ग्वालियर में


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नई व्यवस्था की खूबियां गिनाईं और विपक्ष के आरोपों का जवाब भी दिया, बोले हर FIR का 3 साल में होगा निपटारा..!!

सोमवार, 1 जुलाई 2024 से देश में रात 12 बजे से 3 नए आपराधिक कानून लागू हो गए। तीनों नए कानून देशभर में लागू हो गए। इसके तहत अलग-अलग शहरों में पहली एफआईआर भी दर्ज की गई। वहीं, विपक्ष भी कानूनों के लागू होने पर लगातार हमलावर है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इसे 'बुलडोजर न्याय' बताया। 

इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नई व्यवस्था की खूबियां गिनाईं और विपक्ष के आरोपों का जवाब भी दिया। 

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बताया कि देश की पहली ऑनलाइन FIR, BNS के तहत ग्वालियर में दर्ज हुई। शाह ने कहा कि बदलते समय की जरूरत को देखते हुए कानूनों में बदलाव किया गया है। अब जल्द न्याय मिलेगा। अमित शाह ने कहा कि नए कानूनों पर विपक्ष झूठ फैला रहा है। विपक्ष कह रहा है कि कानून बिना चर्चा के पारित किये गये, जबकि ऐसा नहीं है।

अमित शाह के मुताबिक, मैंने सभी सांसदों, मुख्यमंत्रियों और जजों को पत्र लिखकर 2020 में नए कानून पर सुझाव मांगे हैं। कानून लागू करने से पहले संसद में बहस हुई। लोकसभा में 34 और राज्यसभा में 40 सदस्यों ने बहस में हिस्सा लिया।