NIA की टीम ने दाऊद इब्राहिम के दो साथियों को मुंबई से गिरफ्तार किया है। डी कंपनी से जुड़े इन दोनों व्यक्तियों पर दाऊद के धंधे और आतंकी गतिविधियों में शामिल का आरोप है। दोनों ही आरोपियों को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने गिरफ्तार कर लिया है। एनआईए ने इन दोनों को बीती रात मुंबई से गिरफ्तार किया।

दोनों व्यक्ति डी कंपनी के अवैध कारोबार में शामिल थे और आतंकवादी गतिविधियों को भी वित्तपोषित करते थे। दोनों आरोपियों को आज NIA की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। बता दें, NIA अंडरवर्ल्ड से जुड़े कई लोगों से 3 दिन से पूछताछ कर रही है। एनआईए ने अभी तक 21 लोगों से पूछताछ की, जिसके बाद दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।

NIA ने की थी, 20 ठिकानों पर छापेमारी- 

अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम पर नकेल कसते हुए NIA ने 4 दिन पहले 20 जगहों पर छापेमारी की थी। ये 20 स्थान दाऊद के शार्प शूटर्स, स्मगलर्स, डी कंपनी के रियल एस्टेट मैनेजर से जुड़े थे। हवाला संचालकों पर भी छापेमारी की गई। बताया जा रहा है कि एनसीपी नेता नवाब मलिक की गिरफ्तारी के बाद अहम सुराग मिलने के बाद एनआईए ने छापेमारी की। गृह मंत्रालय के आदेश के बाद एनआईए ने दाऊद इब्राहिम और डी कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज किया और फिर जांच शुरू की। अब छापेमारी के बाद 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

दाऊद इब्राहिम पर गृह मंत्रालय की नकेल-

दाऊद इब्राहिम और डी कंपनी के खिलाफ गृह मंत्रालय ने कड़ी कार्रवाई की है। फरवरी में गृह मंत्रालय ने दाऊद इब्राहिम मामले की जांच एनआईए को सौंप दी थी। इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय दाऊद से जुड़े मामलों की जांच कर रहा था।राष्ट्रीय जांच एजेंसी आतंकवाद से संबंधित मामलों की जांच करती है और ऐसे मामलों के लिए यह देश की सबसे बड़ी एजेंसी है।

गृह मंत्रालय की एक रिपोर्ट के मुताबिक, डी कंपनी और दाऊद इब्राहिम टेरर फंडिंग, नार्को टेरर, जाली नोट और ड्रग तस्करी के धंधे में लिप्त होकर देश में आतंक फैलाने का काम कर रहे हैं। इतना ही नहीं दाऊद और उसकी कंपनी आतंकी संगठनों लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और अलकायदा के जरिए भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम दे रही है।