NIA Raid: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने देश भर में गैंगस्टरों, आतंकवाद और तस्करों में शामिल लोगों की कमर तोड़ने के लिए एक बड़ा अभियान शुरू किया है. आतंकवाद, ड्रग तस्करी और गैंगस्टर्स से सांठगांठ के सिलसिले में NIA ने देशभर में करीब 122 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की है. बुधवार सुबह से ही मध्यप्रदेश समेत हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में छापेमारी जारी है.
MP में इन दो जगहों पर NIA की छापेमारी जारी-
एमपी में दो जगह भिंड और बड़वानी जिले में जांच एजेंसी की छापेमारी जारी है. एनआईए की टीम ने भिंड के चक शेरपुर गांव में छापा मारते हुए एक संदिग्ध को पकड़ा है. एनआईए की टीम संदिग्ध को पकड़कर एंडोरी थाने पहुंची है. यहां उससे पूछताछ की जा रही है. आज सुबह ही एनआईए की 3 सदस्यीय टीम भिंड पहुंची. यहां भिंड के एंडोरी थाना इलाके में स्थित चक शेरपुर गांव में पहुंचकर टीम ने जितेंद्रर सिंह नाम के एक युवक को पकड़ा है. टीम युवक को पकड़कर एंडोरी थाने ले गई है.
ख़बरों के मुताबिक, एनआईए जितेंद्रर सिंह से टेरर फंडिंग के मामले में पूछताछ कर रही है. तो वहीं दूसरी तरह अवैध हथियारों की तस्करी के मामले में एनआईए की टीम ने बड़वानी में भी छापेमारी की है. आज सुबह से ही उम्रठी गांव में टोनी उर्फ भोला नामक व्यक्ति के यहां जांच की जा रही है. फ़िलहाल दोनों ही जगह पर एनआईए की जांच जारी हैं.