Sukhdev Gogamedi Murder Case: करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्या मामले की जांच एनआईए (NIA) करेगी. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गोगामेडी हत्या मामले की जांच एनआईए को मंगलवार यानी 19 दिसंबर के दिन सौंप दी हैं.

संभावना है कि गोगामेड़ी की हत्या में किसी गैंगस्टर का हाथ भी है. इसी वजह से जांच एनआईए को सौंपी गई है. लॉरेंस बिश्नोई गैंग से ताल्लुक रखने वाले रोहित गोदारा ने गोगामेड़ी की हत्या की जिम्मेदारी ली और कहा कि ये सब हमने किया.

गोगामेड़ी की हत्या के बाद रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि राम-राम सभी भाइयों को, मैं रोहित गोदारा आज यह जो सुखदेव गोगामेड़ी की हत्या हुई है इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी हम लेते हैं. ये हत्या हमने करवाई हैं. भाईयों में आपको बताना चाहता हूं कि यह हमारे दुश्मनों से मिलकर उनका सहय़ोग करता था. रही बात हमारे दुश्मनों की तो वह अपने घर की चौखट पर अपनी अर्थी तैयार रखें, उनसे भी जल्द मुलाकात होगी.

क्या है पूरा मामला?

बता दें कि सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित उनके घर में घुसकर की गई थी. घटना उस वक्त हुई जब वह अपने घर में थे. इसी दौरान सामाजिक व्यक्ति बताकर स्कूटी पर सवार दो हत्यारे वहां पहुंचे. उनके घर जाकर दोनों सोफे पर बैठे थे. 

उस समय सुखदेव सिंह भी सामने की तरफ ही बैठे थे. इसी बीच अचानक हत्यारों ने फायरिंग शुरू कर दी. जिसमें सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को चार गोलियां लगीं. उनके साथ मौजूद कुछ अन्य लोगों को भी गोली लगी. सभी को तुरंत जयपुर के मानसरोवर स्थित मेट्रो मास अस्पताल ले जाया गया. जहां इलाज के दौरान सुखदेव सिंह समेत कुछ अन्य लोगों की भी मौत हो गई.