बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मंगलवार सुबह जदयू विधायकों और सांसदों की बैठक के बाद नीतीश कुमार ने बीजेपी से गठबंधन तोड़ने का ऐलान किया। इसके बाद उन्हें राजद-कांग्रेस और अन्य विपक्षी ताकतों के साथ फिर से महागठबंधन सरकार बनाने का समर्थन प्राप्त हुआ। नीतीश करीब 3.45 बजे राज्यपाल फागू चौहान से मिलने के लिए निकले थे। राज्यपाल से मुलाकात कर उन्होंने अपना इस्तीफा सौंप दिया था।

नीतीश जब राजभवन पहुंचे तो समर्थकों की भारी भीड़ 'जिंदाबाद' के नारे लगा रही थी। नीतीश कुमार बाद में तेजस्वी यादव के साथ बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी के आवास के लिए रवाना हो गए। सूत्रों के मुताबिक, तेजस्वी और नीतीश कुमार राबड़ी देवी के घर से एक साथ निकले। इसके बाद राष्ट्रीय जनता दल, लेफ्ट पार्टी और कांग्रेस के विधायक सीएम आवास पहुंचे। जहां नए गठबंधन के विधायक दलों की बैठक शुरू हुई। जिसमें नीतीश कुमार को महागठबंधन के विधायक दल का नेता चुना गया। राजद नेता तेजस्वी यादव के साथ नीतीश एक बार फिर राजभवन जा रहे हैं। लल्लन सिंह, जीतनराम मांझी, अजीत शर्मा भी राजभवन जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, राज्यपाल से मिलकर वह सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

यह भी पढ़े: