लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजों के बाद बिहार में सियासत गरमा गई है। पटना से दिल्ली तक सियासी गलियारों में काफी हलचल है। बिहार के सभी बड़े नेता दिल्ली पहुंच रहे हैं। इस बीच खबर है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव एक ही फ्लाइट से पटना से दिल्ली पहुंचे हैं।
दोनों नेता सुबह 10.40 पर पटना से दिल्ली के लिए रवाना हुए। ऐसे में चर्चा का बाजार गर्म है। दरअसल, बुधवार को दिल्ली में एनडीए और I.N.D.I.A. गठबंधन की बैठक हो रही है। इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए ही दोनों दिल्ली पहुंचे है।
आपको बता दें कि बिहार सीएम नीतीश कुमार दिल्ली में एनडीए की बैठक में हिस्सा लेंगे। इस संबंध में सीएम नीतीश कुमार ने मंगलवार देर शाम पीएम मोदी से बात की। इस बैठक के बारे में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें पहले ही जानकारी दे दी थी। इस बैठक में एलजेपी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान और हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी भी मौजूद रहेंगे। बैठक शाम 4.30 बजे शुरू होगी।