मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर को भारत के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में जाना जाता है। इंदौर ने लगातार सबसे स्वच्छ सिटी का कीर्तिमान बनाया है। अब इसे बनाए रखने के लिए इंदौर वासियों ने एक नई शुरुआत की है।
नगरवासियों ने इंदौर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाएं रखने हेतु अब नो थू-थू अभियान के अंतर्गत स्पिट कप वितरण जैसे कदम उठाए हैं। जन-जागरूकता अभियान के तहत सहभागिता करना ।
नागरिकों को स्वच्छता के लिए जागरूक करने के साथ ही बीड़ी-सिगरेट, पान-मसाला एवं गुटखा-पाऊच न खाने के लिए जागरूक किया।
इसके साथ ही ये संदेश भी दिया गया कि इंदौर को स्वच्छ रखना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है, आप सभी भी इस अभियान से जुड़ें एवं सड़क/फुटपाथ पर थूकने वाले को जागरूक करके इंदौर शहर को स्वच्छ रखने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। इस अभियान में 94.3 माय एफ एम की विनी अग्रवाल और शहर के प्रबुद्धजनों ने भी सहभागिता की।
अभियान को लेकर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि आप सभी से मेरा निवेदन है कि सर्वप्रथम तो आप बीड़ी-सिगरेट, पान-मसाला का त्याग करें किन्तु फिर भी यदि आप अपने स्वास्थ्य को दरकिनार कर इनका सेवन करते हैं तो कृपया स्पिट कप का अवश्य उपयोग करें।