14 जून का दिन हम सबके लिए अहम है। आज पूर्णिमा है और दोपहर में सूर्य ठीक हमारे सिर के ऊपर होगा। इसके कारण बड़ी इमारतों, टावर आदि सभी चीजों की परछाईं दिखना बंद हो जाएगा। यहां तक कि कुछ क्षणों के लिए हमारी परछाई भी साथ छोड़ देगी। यानि आपकी परछाई भी नजर नहीं आएगी। दरअसल इसे जीरो शैडो डे कहा जाता है। भोपालवासियों के लिए तो यह दिन बेहद खास है। मंगलवार को मध्यान्ह में कुछ समय के लिए हमारा साया, हमारा साथ छोड़ देगा।

खगोलविद बताते हैं कि 14 जून को भोपालवासियों के लिए सुबह के समय भी सूरज कुछ सीधा दिखेगा। मकर रेखा से कर्क रेखा की ओर गति करता सूरज मंगलवार को भोपाल के ठीक ऊपर पहुंचेगा। इस कारण सूरज की किरणें भोपालवासियों पर मध्यान्ह में ठीक सीधी पड़ रही होंगी। सूरज की किरणें आमतौर पर तिरछी पड़ती हैं. खगोल विज्ञानियों के मुताबिक प्लस 23.5 एवं माइनस 23.5 अक्षांश के बीच रहने वालों के लिए सालभर में दो ऐसे दिन आते हैं. इन दो दिनों में सूरज हमारे सिर के ठीक ऊपर होता है। इन दोनों दिनों को जीरो शैडो डे कहते हैं. सूरज ठीक ऊपर होने से इस दिन विशेष समय किसी भी चीज की परछाई दिखना बंद हो जाती है।

इस दिन एक और अनोखी खगोलीय घटना होगी. खगोलविदों ने बताया कि मंगलवार को सुपरमून भी होगा यानि चंद्रमा अन्य दिनों की अपेक्षा विशाल नजर आएगा। बताया जा रहा है कि इस दिन माइक्रो मून की तुलना में चंद्रमा करीब 14 प्रतिशत बड़ा और करीब 30 प्रतिशत ज्यादा चमकदार दिखेगा। अंडाकार पथ पर पृथ्वी की परिक्रमा करते हुए चन्द्रमा जब 361885 किमी से कम दूरी पर रहता है तब पूर्णिमा का चन्द्रमा सुपरमून कहा जाता है। खगोलविदों के अनुसार मंगलवार को यह स्थिति भी निर्मित होगी. खास बात यह है कि इस साल का यह पहला सुपरमून होगा। चंद्रमा उदित होने के बाद शाम 5 बजकर 22 मिनट पर पृथ्वी से सबसे ज्यादा निकट होगा।