भोपाल. जंगल महकमे में चैन लिंक खरीदी में हो रही गड़बड़ियों को लेकर हाईकोर्ट जबलपुर युगल पीठ ने छतरपुर के पूर्व डीएफओ एवं मंत्रालय में पदस्थ उप सचिव वन अनुराग कुमार और दक्षिण वन मंडल पन्ना डीएफओ पुनीत सोनकर के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने पर लोकायुक्त एसपी सागर से जवाब-तलब किया है. इसकी भनक लगते ही आईएफएस अधिकारी अनुराग कुमार मंत्रालय से अवकाश लेकर दस्तावेजों में लीपापोती करने के लिए छतरपुर पहुंचे थे.
हाई कोर्ट जबलपुर के मुख्य न्यायाधीश रवि विजय मलिथम और जस्टिस विशाल मिश्रा की युगल पीठ ने एक याचिका की सुनवाई करते हुए लोकायुक्त एसपी सागर को 6 जनवरी को जवाब प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया है.
यह याचिका मध्यप्रदेश कर्मचारी कांग्रेस कार्यकारी प्रांत अध्यक्ष मुनींद्र सिंह परिहार, विजय प्रसाद गौतम और बसंत सिंह सिकरवार ने लगाई है. याचिकाकर्ताओं का कहना है कि टेलिंग खरीदी में छतरपुर के पूर्व डीएफओ अनुराग कुमार और दक्षिण वन मंडल पन्ना के डीएफओ पुनीत सोनकर द्वारा 5000000 रुपए की हेराफेरी की है.
याचिकाकर्ताओं ने न्यायालय पर दस्तक देने के पहले लोकायुक्त एसपी सागर को मैं दस्तावेज सहित शिकायत दर्ज कराई थी. यहां यह उल्लेखनीय है कि छतरपुर के डीएफओ रहे अनुराग कुमार के खिलाफ कर्मचारियों ने लंबे समय तक आंदोलन किया था.
मंत्रालय में पदस्थ उप सचिव अनुराग कुमार का छतरपुर दौरा रहस्यमय बन गया है. वह 3 दिन तक छतरपुर रहे. छतरपुर के दौरे को लेकर कहां जा रहा है कि वह गड़बड़ी से संबंधित दस्तावेज में सुधार करने की मंशा से गए थे. इसके लिए अनुराग कुमार ने स्थापना शाखा, व्यय शाखा, स्टोर इंचार्ज और राजस्व शाखा के प्रभारियों को बुलाकर गड़बड़ियों पर लीपापोती करने का प्रयास किया.
लौटती डाक से नहीं भेजा प्रस्ताव-
वन विभाग वनीकरण क्षतिपूर्ति में हुई गड़बड़ी में दोषी करार दिए गए दक्षिण सागर वन मंडल के डीएफओ नवीन गर्ग को हटाने संबंधित प्रस्ताव वन मंत्री विजय शाह के विधानसभा में दिए गए आश्वासन के बाद आज दिनांक तक मंत्रालय नहीं पहुंचा. जबकि वन मंत्री विजय शाह के आश्वासन के बाद बहुउद्देशीय परियोजना के डूब क्षेत्र में आई वन भूमि के बदले में गैर वन भूमि और बिगड़े वन में पौधारोपण कराने में हुई गड़बड़ी में दक्षिण मंडल में पदस्थ रहे प्रशांत कुमार सिंह, एमएस उईके और वर्तमान डीएफओ नवीन गर्ग को दोषी माना गया है.
इनमें से प्रशांत कुमार सिंह को दक्षिण सागर से हटाकर खरगोन और एमएस उईके को दमोह पदस्थ कर दिया गया है. जबकि नवीन गर्ग अभी भी दक्षिण सागर वन मंडल में पदस्थ है. मंत्रालय में पदस्थ उप सचिव अनुराग कुमार ने पीसीसीएफ कैंपा को 19 दिसंबर को एक पत्र लिखकर 'लौटती डाक से प्रस्ताव शासन को भेजने के लिए निर्देश दिए हैं. यानी पत्र मिलने के साथी नवीन घर को हटाने संबंधित प्रस्ताव शासन को भेजा जाना था किंतु 10 दिन बाद भी प्रस्ताव सतपुड़ा मुख्यालय से मंत्रालय नहीं पहुंचा.
पांच आईएफएस को मिला नया साल का तोहफा-
बुधवार को राज्य शासन में मुख्य वन संरक्षक से अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक और वन मंडलाधिकारी से वन संरक्षक के पद पर प्रमोट करने के लिए डीपीसी हुई. इस बैठक में शिकायत एवं सतर्कता शाखा में पदस्थ सीसीएफ हरीश गुप्ता को अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक और भोपाल डीएफओ आलोक पाठक, सीहोर डीएफओ अनुपम सहाय, सिंगरौली डीएफओ मधु वी राज और वन्य प्राणी शाखा में पदस्थ अनिल कुमार शुक्ला को वन संरक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया.