भोपाल: प्रदेश के तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग में स्वीकृत कुल 4 हजार 673 पदों में से 282 पद दिव्यांगजनों के लिये आरक्षित रहेंगे। इसके लिये सामाजिक न्याय विभाग ने दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 के तहत उक्त विभाग में पदों का चिन्हांकन कर दिया है। उल्लेखनीय है कि दिव्यांगजनों को सरकारी नौकरियों में छह प्रतिशत का आरक्षण उक्त कानून में दिया गया है तथा सामाजिक न्याय विभाग को विभिन्न पदों में दिव्यांगजनों के लिये पदों का चिन्हांकन करना होता है।

पदों के चिन्हांकन के अनुसार, अब तकनीकी शिक्षा विभाग में प्रथम श्रेणी के अंतर्गत उप संचालक के 10 पदों में से एक, प्राचार्य वर्ग-1 के 29 पदों में 2, द्वितीय श्रेणी के अंतर्गत प्राचार्य वर्ग-2 के 109 पदों में से 7, तृतीय श्रेणी के अंतर्गत प्रशिक्षण अधिकारी व्यवसाय/गणित/ड्राईंग के 2931 पदों में से 176, छात्रावास अधीक्षक के 114 पदों में 7, सहायक वर्ग-3 के 530 पदों में से 32, चतुर्थ श्रेणी के अंतर्गत चतुर्थ श्रेणी के 950 पदों में से 57 पद दिव्यांगजनों के लिये आरक्षित रहेंगे।

उक्त 282 चिन्हांकित पदों में से दृष्टि बाधित हेतु 72, श्रवण बाधित हेतु 71, लोकोमीटर डिसेबिलिटी जिसमें शामिल है सेरेब्रल पाल्सी, कुष्ठ रोग मुक्त, बौनापन, एसिड अटैक पीडि़त, मस्कुलर डिस्ट्राफी हेतु 71 एवं आटिज्म, बौध्दिक दिव्यांगता, स्पेसिफिक लर्निंग डिसेबिलिटी और मानसिक बीमारी और बहुविकलांगता हेतु 68 पद आरक्षित रहेंगे।