भोपाल: प्रदेश के महाविद्यालयों में लम्बे समय से बंद चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना के शिविर अब लगाने होंगे। इसके लिये उच्च शिक्षा विभाग ने सभी  कालेजों के प्राचार्यों को निर्देश जारी कर दिये हैं।

जारी निर्देशों में कहा गया है कि प्रदेश रासेयो संहिता में दिये गये निर्देशों के अनुरूप रासेयो की नियमित गतिविधियां एवं विशेष शिविर कार्यक्रम आयोजित किये जाने का प्रावधान है, किन्तु प्राय: यह देखने में आ रहा है कि विभाग द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा है जिससे महाविद्यालयों में रासेयो गतिविधियां/इकाईयां शिथिल हो रही हैं।

महाविद्यालयों/विद्यालयों द्वारा सात दिवसीय विशेष शिविर नियमित रूप से नहीं लगाये जा रहे हैं। कृपया रासेयो गतिविधियां संस्था स्तर एवं विशेष शिविर गतिविधियां गोदग्राम में अनिवार्यत: आयोजित करें। नई शिक्षा नीति अंतर्गत रासेयो गतिविधियों को देखते हुए विद्यार्थियों के हित में राष्ट्रीय सेवा योजना को पाठ्यक्रम के रूप में भी सम्मिलित किया गया है।

इसलिये इकाई स्तर के शिविरों का आयोजन तत्काल कर विभाग को अवगत करायें ताकि विभाग द्वारा उच्च स्तर पर जानकारी भेजी जा सके। रासेयो गतिविधियों एवं शिविर गतिविधि को शिथिल न होने दिया जाय,इसका ध्यान रखा जाये। महाविद्यालयों/ विद्यालयों में संस्था स्तरीय शिविर यदि आयोजित नहीं होते हैं तो आपकी जवाबदेही होगी। महाविद्यालयों में शिविर आयोजन की तत्काल पहल करें तथा शिविर आयोजित करवायें। जिन्होंने शिविर आयोजित नहीं किया है उनकी सूची तत्काल विभाग को उपलब्ध करायें ताकि पूर्व में दिए गए दिशा निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही की जा सके।