प्रदेश में अब सिंचाई राजस्व ऑनलाईन वसूला जायेगा

भोपाल।प्रदेश में अब सिंचाई राजस्व ऑनलाईन वसूला जायेगा। इसके लिये राज्य का जल संसाधन विभाग वेब आधारित सर्विस तैयार कर रहा है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश के जलाशय जल संसाधन विभाग के स्वामित्व में हैं तथा इनसे किसान खेती के लिये जो पानी लेते हैं, उसके बदले में विभाग सिंचाई राजस्व वसूलता है। इसी रबी सिंचाई वर्ष 2021-22 से यह व्यवस्था होने जा रही है।

इस ऑनलाईन व्यवस्था के तहत, किसानों को उनके मोबाईल नंबर पर बिल भेजे जायेंगे तथा किसान ऑनलाईन ही इसका भुगतान कर सकेंगे। जल संसाधन विभाग के ईएनसी मदन सिंह डाबर ने आयुक्त भू-अभिलेख से कहा है कि कृषकों से सिंचाई हेतु सिंचाई राजस्व वसूला जाता है। सिंचाई राजस्व वसूली के बेहतर क्रियान्वयन एवं पारदर्शिता हेतु मैप-आईटी के माध्यम से ऑनलाईन पनोर्टल एवं मोबाईल एप विकसित किया जा रहा है। शासन द्वारा रबी सिंचाई वर्ष 2021-22 की बिलिंग ऑनलाईन किये जाने का निर्णय लिया गया है। इसलिये कृषकों द्वारा धारित भूमि की अद्यतन जानकारी को ऑनलाईन वेब सर्विस के माध्यम से प्रदान किया जाये जिससे पूरी प्रक्रिया को पेपरलैस किया जा सके।

इसी तरह, ईएनसी ने एमपी ऑनलाईन लिमिटेड के मुख्चय परिचालन अधिकारी से कहा है कि पोर्टल के माध्यम से कृषकों द्वारा सिंचाई बिल जमा करने के लिये पेमेंट गेटवे सेवाओं को उपलब्ध कराया जाये। समग्र सामाजिक सुरक्षा मिशन के डायरेक्टर से ईएनसी ने कहा है कि पोर्टल में कृषकों की जानकारी के एकत्रीकरण हेतु समग्र आईडी के उपयोग की जरुरत है, इसलिये कृषकों के समग्र आईडी की जानकारी उपलब्ध कराये जाये जिससे उन्हें ऑनलाईन बिल भेजे जा सकें।