भोपाल: सीएम हेल्पलाईन नंबर 181 पर अब राजस्व अभिलेख 10 रुपये प्रति पृष्ठ पर मिलेंगे। इस संबंध में राजस्व विभाग के उप सचिव चन्द्रशेखर वालिम्बे ने आदेश किये हैं। जारी आदेश में कहा गया है कि राज्य सरकार द्वारा निर्णय लिया है कि सीएम हेल्पलाईन 181 के माध्यम से लोक सेवा गांरटी अंतर्गत राजस्व विभाग की कम्प्यूटरीकृत राजस्व अभिलेख की प्रतिलिपि फीस रू. 10/- प्रति पृष्ठ रखी जाये।

प्रदेश के समस्त जिलों में कार्यालय आयुक्त भू-अभिलेख द्वारा किये गए अनुबंध अनुसार मैसर्स भोपाल ई-गर्वनेंस लिमिटेड भोपाल द्वारा संचालित आईटी सेंटर, लोक सेवा प्रबंधन विभाग द्वारा संचालित लोक सेवा केन्द्र तथा एमपी ऑनलाइन कियोस्क सेंटर ने प्राधिकृत सेवा प्रदाता मान्य किया गया है।

वर्तमान में यह केन्द्र जन सामान्य को निर्धारित शुल्क पर राजस्व अभिलेखों की प्रतिलिपि प्रदान कर रहे हैं। जनसामान्य को लोक सेवा गारण्टी अधिनियम के अंतर्गत अधिसूचित कम्प्युटरीकृत राजस्व अभिलेखों की प्रतिलिपियां एवं भू-अधिकार पुस्तिका की प्रति सीएम हेल्पलाईन 181 के माध्यम से 10 रुपये प्रति पृष्ठ के मान से नागरिकों को प्रदाय की जायेगी। मप्र लोक सेवाओं के प्रदाय की गारण्टी अधिनियम के अंतर्गत अधिसूचित सेवाएं लोक सेवा केन्द्रों एवं इस अन्य सेवा प्रदाता केन्द्रों के माध्यम से पूर्व निर्धारित शुल्क पर प्रदाय की जाती रहेगी।