भोपाल: प्रदेश में अब शैक्षणिक संस्थाओं के परिसरों, शासकीय अस्पतालों, सार्वजनिक उद्यानों तथा खेल मैदानों पर भी इंटरनेट डाटा सुविधा विकसित करने के लिये टावर लग सकेंगे। पहले इन स्थानों पर इन्हें लगाना प्रतिबंधित था।

दरअसल पिछली कमलनाथ सरकार ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत 23 फरवरी 2019 को मप्र में दूरसंचार सेवा प्रदाता/इंटरनेट सेवा प्रदाता/अवसंरचना प्रदाय कंपनियों द्वारा वायर लाइन या वायरलेस आधारित वाइस या डाटा पहुंच सेवायें उपलब्ध कराने के लिये दिशा-निर्देश जारी किये थे। इस दिशा-निर्देश में कहा गया था कि नगरीय क्षेत्र में भूमि की कमी तथा स्कूलों में भविष्य की आवश्यक्ताओं को ध्यान में रखते हुये शैक्षणिक संस्थाओं के परिसरों, शासकीय चिकित्सालयों, सार्वजनिक उद्यानों तथा खेल मैदानों में अवसंरचना स्थापित करने के लिये अनुज्ञप्ति प्रदान नहीं की जायेगी।

चूंकि अब कोविड काल में सूचना प्रौद्योगिकी की महती भूमिका है और ज्यादातर काम ऑनलाईन हो रहा है, इसलिये राज्य सरकार ने दिशा-निर्देश में दिये उक्त उपबंध को विलोपित कर दिया है। इससे अब इन स्थानों पर भी टावर आदि लग सकेंगे।