भोपाल: प्रदेश में अब सोनेवानी अभयारण्य नहीं बनेगा। यह फैसला वहां की खनन लॉबी के विरोध के चलते लिया गया है। वन मंत्री विजय शाह ने उक्त अभयारण्य को न बनाने का निर्णय ले लिया है।
उल्लेखनीय है कि सात माह पहले 14 अक्टूबर 2022 को सीएम की अध्यक्षता वाली स्टेट वाईल्ड लाईफ बोर्ड ने निर्णय लिया था कि बालाघाट जिले के दक्षिण सामान्य वनमंडल अंतर्गत कान्हा-पेंच टाईगर कॉरीडोर में स्थित सोनेवानी आरक्षित वनखण्ड के 163.195 किमी वन क्षेत्र को सोनेवानी अभयारण्य बनाया जायेगा। लेकिन इस निर्णय के बाद वहां की खनन लॉबी ने विरोध शुरु कर दिया था।
उनके पक्ष में भाजपा विधायक गौरीशंकर बिसेन भी आ गये थे जबकि उस क्षेत्र के भाजपा सांसद ढाल सिंह बिसेन इस अभयारण्य को बनाने के पक्ष में थे। लेकिन गौरीशंकर बिसेन का विरोध कारगर रहा जिस पर पहले सीएम ने इस अभयारण्य के गठन की अधिसूचना को स्थगित रखने के निर्देश वन विभाग को दिये तथा इसके बाद अब वन मंत्री विजय शाह ने इस अभयारण्य को न बनाने का निर्णय ले लिया है जिससे यह अभयारण्य मूर्त रुप नहीं ले पायेग। जबकि कान्हा-पेंच टाईगर कॉरीडोर के लिये यह अभयारण्य बनाना उचित था।