भोपाल। राजधानी स्थित मंत्रालय  वल्लभ भवन के पास जेल मुख्यालय परिसर में हेलीपेड बनाने की स्वीकृति विमानन विभाग ने दे दी है। सामान्य प्रशासन विभाग को इस हेलीपेड के निर्माण के दायित्व सौंपा गया है। निर्माण का कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जायेगा। इससे अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य वीवीआईपी आदि सीधे हेलीकाप्टर से मंत्रालय में आ-जा सकेंगे।

यह हेलीपेड मंत्रालय के पास जेल मुख्9यालय की रिक्त भूमि पर बनाया जायेगा। सुरक्षा के मानदण्डों के हिसाब से इसका निर्माण किया जायेगा। विमानन विभाग ने इसके निर्माण की मंजूरी देकर निर्माण का दायित्व सामान्य प्रशासन विभाग को इसलिये सौंपा है। इससे पहले मंत्रालय की छत पर हेलीपेड बनाने का प्रस्ताव था लेकिन सुरक्षा कारणों से इसकी अनुमति नहीं दी गई। हेलीपेड बनने से बड़े उद्योगपति भी सीधे मंत्रालय आ सकेंगे तथा इससे उनके समय में बचत होगी। हेलीपेड एच के आकार का एक ही बनाया जायेगा तथा उसके आसपास के पेड़ों आदि को हटाया जायेगा। हेलीपेड के पास एक अप्रोच रोड एवं छोटा सा वेटिंग रुम भी बनाया जायेगा। निर्माण की लागत जीएडी द्वारा भुगतान की जायेगी जोकि करीब पचास लाख रुपये होगी।

विभागीय अधिकारी ने बताया कि मंत्रालय परिसर में हेलीपेड बनाने के लिये एक बैठक हो गई है जिसमें कुछ तकनीकी क्वेरियां आई हैं जिनके बारे में जानकारी लेकर अगली बैठक आयोजित की जा रही है। लोनिवि के माध्यम से इसका निर्माण कराया जायेगा।