भोपाल। राज्य विधानसभा के आम चुनावों में अब कुछ ही माह शेष हैं और चुनावों के दौरान वीवीआईपी का मूवमेंट बढ़ जाता है तथा अभी भी वीवीआईपी का निरन्तर मूवमेंट हो रहा है, इसलिये राज्य सरकार ने अभी से ही राजा भोज विमानतल के पास स्थित स्टेट हैंगर को चमकाये रखने के लिये तैयारी शुरु कर दी है तथा निजी आउटसोर्स एजेन्सी को वहां नियुक्त करने के लिये टेण्डर जारी कर दिया है जो इसी माह 23 मई को खोला जायेगा।
निजी एजेन्सी को तीन साल का ठेका दिया जायेगा। एजेन्सी को सुपरवाईजर सहित पांच कर्मी रोजाना स्टेट हैंगर पर तैनात करने होंगे। इस एजेन्सी के पास स्टेट हैंगर के अलावा वीआईपी लाउंज, विमान संचालनालय के प्रशासनिक भवन एवं डामरीकृत क्षेत्र का एरिया रहेगा जहां उसे सुबह-शाम केमिकल का उपयोग कर साफ-सफाई आदि की व्यवस्था रखना होगी और मकड़ी के जाले भी हटाते रहना होगा ताकि स्टेट हैंगर सदैव चमकता दिखे।