मेटा, फेसबुक यूजर्स के लिए नए फीचर्स ला रही है 

नई दिल्ली : फेसबुक पर अब पहचान​ छिपाकर भी कमेंट कर सकेंगे। मेटा, फेसबुक यूजर्स के लिए नए फीचर्स लेकर आ रही है जिसमें ये सुविधा भी होगी। हालांकि फेसबुक का यह नया फीचर फिलहाल टेस्टिंग प्रक्रिया में है।

अब यूजर्स एक ही फेसबुक अकाउंट से 5 प्रोफाइल भी बना सकेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक जो नई प्रोफाइल बनेगी उसमें असली नाम बताने की भी जरूरत नहीं होगी। यूजर्स अपनी पहचान छिपाकर भी किसी पोस्ट पर कमेंट कर सकेंगे। टेस्टिंग में शामिल यूजर्स को अपने एक ही अकाउंट से पांच प्रोफाइल बनाने की सर्विस मिलने से हालांकि स्पैम के बढ़ने का खतरा भी बढ़ सकता है। 

बनाई गई नई प्रोफाइल को भी फेसबुक की ही पॉलिसी माननी होगी। यदि अपनी दूसरी प्रोफाइल से कोई पॉलिसी का उल्लंघन करते हैं तो उसका मेन अकाउंट भी प्रभावित होगा। फेसबुक का नए फीचर को लेकर कहना है कि इससे यूजर्स को अलग पहचान के साथ ही अलग कैटेगरी की फीड मिलेगी। किसी यूजर को गेम और ट्रेवल दोनों में रुचि है तो वह इन दोनों कैटेगरी के हिसाब से प्रोफाइल बना सकेगा। इसमें लोगों को फॉलो कर सकेगा।

खासकर युवा यूजर्स के बीच धीमी बढ़त दिख रही है। ऐसे में मेटा की कोशिश दुनिया के सबसे बड़े सोशल नेटवर्क पर इंगेजमेंट बढ़ाने की है। फेसबुक इससे पहले भी मल्टिपल प्रोफाइल्स का ऑप्शन देती रही है लेकिन यह बहुत सीमित था। कंपनी अभी यूजर्स को डेटिंग या कॉलेज के लिए अलग प्रोफाइल्स बनाने का मौका देती है। कंपनी ने साफ किया है कि टेस्ट के कारण इसके मंथली या डेली ऐक्टिव यूजर्स काउंट करने का तरीका नहीं बदलेगा।  कंपनी जल्द ही फेसबुक ग्रुप ऑर्गनाइज और ऐक्सेस करने का बेहतर विकल्प भी देने जा रही है। गौरतलब है कि मेटावर्स के लिए मेटा एक वॉलेट भी लॉन्च कर चुका है।