पैगंबर मोहम्मद पर आपत्तिजनक बयान देनेवाले भाजपा नेताओं नूपुर शर्मा और नवीन जिंदल की नादानी भारत सरकार पर भारी पड़ रही है. सबसे बुरी बात तो यह है इन नेताओं के बयान के बाद देश की साख पर सवाल उठ रहे हैं. दोनों नेताओं के बयान पर समस्त खाड़ी देशों ने कड़ी आपत्ति जताई है। कुछ देशों ने जहां भारत सरकार से इस बयान पर माफी की मांग की है वहीं कुछ अन्य देशों ने भारतीय राजदूतों को बुलाकर आधिकारिक रूप से विरोध जताया है।
कुवैत,कतर और ईरान ने भारतीय राजदूतों को तलब कर अपना विरोध जताया है। कतर और कुवैत ने तो इस बयान पर भारत सरकार से माफी की मांग की है। सऊदी अरब ने भी इस बयान पर अपना ऐतराज जताया है। 57 मुस्लिम देशों के संगठन, इस्लामिक सहयोग संगठन (OIC) ने इस बयान की निंदा की है। संगठन ने सोशल मीडिया पोस्ट कर यह भी कहा है कि भारत में बीते दिनों में मुसलमानों के खिलाफ हिंसा के मामले बढ़े हैं। देश के कई राज्यों में शैक्षणिक संस्थानों में हिजाब पर बैन लगाया गया है. इसी के साथ मुस्लिमों पर प्रतिबंध भी लगाए जा रहे हैं। मालदीव की संसद में भी इस मामले पर हंगामा हो चुका है।
इस बीच भारतीय विदेश मंत्रालय ने OIC के बयान पर ऐतराज जताते हुए कहा- भारत सरकार सभी धर्मों को समान रूप से सम्मान देती है। भारत OIC की गैरजरूरी और छोटी सोच वाली टिप्पणियों को साफ तौर पर खारिज करता है। उधर भाजपा ने भी तुरंत नूपुर शर्मा को पार्टी से 6 साल के लिए निलंबित कर दिया। इसके बाद भारत ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि जो गलतबयानी की गई वो भारत सरकार का ऑफिशियल स्टैंड नहीं है। विवादित बयान देने वाले नेताओं को पार्टी से बाहर करने की बात पर भी फोकस किया गया तो सऊदी अरब और बहरीन ने इस फैसले का स्वागत किया।
भारत और खाड़ी देशों के बीच रिश्ते काफी मजबूत रहे हैं। लगभग 76 लाख भारतीय मिडिल ईस्ट देशों में काम करते हैं। अगर यह मामला ज्यादा तूल पकड़ता है तो इससे देश की अर्थव्यवस्था को काफी नुकसान पहुंच सकता है। भारत अपनी घरेलू जरूरत का 84% तेल इन्हीं देशों से इम्पोर्ट करता है। कुवैत, कतर, सऊदी अरब, बहरीन, ओमान और यूएई आदि के साथ 2020-21 में भारत ने 90 अरब डॉलर का बिजनेस किया था। भारत को फॉरेन रिजर्व का बड़ा हिस्सा यहीं से मिलता है। इसके अलावा कुवैत, बहरीन, सऊदी अरब सहित कई अन्य अरब देशों ने अपने—अपने सुपर स्टोर्स में इंडियन प्रोडक्ट्स को बैन कर दिया है।
बयान वापस लिया
भाजपा से सस्पेंड होने के बाद नूपुर शर्मा ने अपना बयान भी वापस ले लिया। शर्मा ने ट्वीट में लिखा- डिबेट में मेरे भगवान के खिलाफ विवादित बोल बोले गए जो मुझे बर्दाश्त नहीं हुआ। इसी से गुस्से में आकर मैंने कुछ आपत्तिजनक कह दिया, इसे मैं अब बिना शर्त वापस लेती हूं।
ये था मामला
एक डिबेट में भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा ने पैगंबर मोहम्मद साहब पर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। शर्मा ने बयान जारी कर कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया। उनपर महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में केस भी दर्ज किया गया है।