ओडिशा के चिल्का विधानसभा क्षेत्र से निलंबित बीजू जनता दल (बीजद) के विधायक प्रशांत जगदेव ने अपनी कार से भीड़ को कुचल दिया। हादसे में ड्यूटी पर तैनात एक महिला समेत सात पुलिसकर्मियों और करीब 23 लोग इस हादसे में घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने विधायक की कार में तोड़फोड़ की, और विधायक को भी पीटा।

7 पुलिसकर्मियों समेत 23 लोग घायल :

इस बारे में विस्तार से जानकारी यह है कि, खुर्दा जिले के बानपुर प्रखंड में अध्यक्ष के चुनाव के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के करीब 500-600 लोग जमा हुए थे। इसी बीच विधायक जगदेव ब्लॉक पहुंचे और भीड़ को खदेड़ दिया। उस समय ड्यूटी पर तैनात 7 पुलिसकर्मियों सहित 23 लोग घायल हो गए।

भारी हंगामे के बीच विधायक की हुई पिटाई :

घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने मौके पर मौजूद विधायक की कार में तोड़-फोड़ की। साथ ही भारी हंगामे के बीच लोगों ने विधायक की भी जमकर पिटाई कर दी। विधायक समेत अन्य सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खुर्दा जिले के एसपी लेख चंद्र पाढ़ी ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि हादसे में बानपुर थाने के अधिकारियों समेत सात पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना में विभिन्न राजनीतिक दलों के 15 समर्थक भी घायल हुए हैं। हालांकि घटना के बाद विधायक को लोगों ने बुरी तरह पीटा। शुरुआत में विधायक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसके बाद उन्हें भुवनेश्वर रेफर कर दिया गया।