कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी महंगाई को लेकर लगातार मोदी सरकार पर हमलावर हो रहे हैं। उन्होंने महंगाई को लेकर एक बार फिर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने शनिवार को ट्वीट करते हुए लिखा, राजा करे महल की तैयारी, प्रजा बेचारी महंगाई की मारी। इससे पहले भी राहुल गांधी ने जानकारी देते हुए कहा था कि महंगाई और बढ़ेगी..! उन्होंने सरकार से देश के लोगों को महंगाई से बचाने के लिए कदम उठाने की बात कही।

राहुल गांधी ने कहा कि, कीमतों में रिकॉर्ड वृद्धि ने रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने से पहले ही गरीब और मध्यम वर्ग को कुचल दिया था। पांच राज्यों में पार्टी की करारी हार के बाद भी राहुल ने कई मुद्दों पर बीजेपी पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने इसके बाद एफडी, पीपीएफ, ईपीएफ और महंगाई के आंकड़े ट्वीट कर पूछा कि क्या सरकार की जिम्मेदारी लोगों को राहत देने की नहीं है।

पेट्रोल-डीजल के दाम आज भी बढ़े : 

शनिवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 80 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। तेल कंपनियां कच्चे माल की कीमतों का बोझ उपभोक्ताओं पर डाल रही हैं, जिससे पिछले पांच दिनों में कीमतों में चौथी बढ़ोतरी हुई है। सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम विपणन कंपनियों द्वारा जारी मूल्य अधिसूचना के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 97.81 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 98.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल 89.07 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 89.87 रुपये प्रति लीटर हो गया है।