पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी गुरुवार को देशव्यापी 'महंगाई मुक्त भारत अभियान' के तहत विरोध प्रदर्शन कर रही है। विरोध को प्रभावी बनाने के लिए राहुल गांधी सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता सड़कों पर उतर आए हैं। आंदोलन के दौरान सभी नेता 'चुनाव खत्म, लूटपाट चालू' के नारे लगाते हुए नज़र आए। पेट्रोल, डीजल और अन्य वस्तुओं की कीमतें बिना किसी कारण के बढ़ रही हैं।

कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, पेट्रोल, डीजल और अन्य वस्तुओं की कीमतें हर दिन बेवजह बढ़ रही हैं और इससे आवश्यक वस्तुओं की कीमतें प्रभावित हो रही हैं। इसलिए आज हम राहुल गांधी के नेतृत्व में आंदोलन कर रहे हैं। कांग्रेस की मांग है कि कीमतें वैसी ही हों जैसी यूपीए सरकार के दौरान थीं।

साथ ही कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी महंगाई को लेकर लगातार मोदी सरकार पर हमलावर हो रहे हैं। उन्होंने महंगाई को लेकर एक बार फिर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कई देशों के पेट्रोल-डीजल के रेट जारी करते हुए मोदी सरकार पर तंज कसा। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से ट्वीट करते हुए लिखा, प्रश्न न पूछो ‘फ़क़ीर’ से, कैमरा पर बाँटे ज्ञान, जुमलों से भरा झोला लेकर, लूटे हिंदुस्तान..!!