भोपाल: भारत सरकार के डाक विभाग के तीन डाक सहायकों ने राजधानी भोपाल में विधानसभा परिसर, पीपुल्स कैम्पस, एमएसीटी एवं दिल्लौद स्थित चार उप डाकघरों की आईडी एवं पासवर्ड का दुरुपयोग कर 1 करोड़ 50 लाख 98 हजार 211 रुपयों का घोटाला किया है।

भोपाल के सीनियर सुपरिन्टेंड आफ पोस्ट सागर शाह की रिपोर्ट पर सीबीआई भोपाल ने तीन डाक सहायकों संजय कुमार इरपाची, श्रीमती अंजलि विश्वकर्मा एवं करण सिंह जाटव के खिलाफ भादवि की धारा 120, 420, 468, 471, 477 तथा भ्रष्टाचार निरोधक कानून की धारा 13 एवं 7 के तहत एफआईआर दर्ज की है।

इन तीनों पर आरोप है कि इन्होंने डाक जीवन पालिसियों की प्रीमीयम, लोन वापसी एवं बचत, सावधि जमा खातों में छद्मपूर्ण जमा एवं तदुपरान्त निकासी की।

तीनों आरोपियों ने उक्त चारों उप डाकघरों में कार्यरत उप डाकपालों से सिटम में मेकनिश पासवर्ड रिसेट करने की रिक्वेस्ट प्राप्त होने पर सुनियोजित तरीके से इन चारों उप डाकपालों की मेकनिश आईडी एवे पासवर्ड का दुरुपयोग कर मासिक प्रीमीयम की एकमुश्त राशि सिस्टम में मेकनिश साफ्टवेयर में कूटरचित जमा की गई जबकि वास्तव में उपरोक्त राशि सरकारी हिसाब में जमा होना नहीं पाया गया। सीबीआई के सीनियर एसपी प्रमोद कुमार मांझी ने प्रकरण की विवेचना इन्स्पेक्टर प्रदीप कुमार पटेल को सौंपी है।