मध्य प्रदेश के जबलपुर में एनसीसी कैडेट्स के प्रशिक्षण शिविर में 31 से ज्यादा बच्चे हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के शिकार हो गए, जिसके बाद कैंप में हड़केंप मच गया। सभी बीमार बच्चों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल सभी का इलाज जारी है। जानकारी के मुताबिक, इन बच्चों में चक्कर, उल्टी-दस्त और कमजोरी की शिकायत थी। मामला जिला मुख्यालय से करीब 18 किमी दूर डुमना रोड स्थित ट्रिपल आईटीडीएम परिसर का है। 

गुरुवार रात करीब 8 बजे बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। कई बच्चों को चक्कर, उल्टी-दस्त और कमजोरी की शिकायत हुई तो आनन-फानन में सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि तीन से चार छात्रों की हालत चिंता जनक बनी हुई है। फिलहाल सभी एनसीसी कैडेट्स जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम की निगरानी में है।  इस घटना के बाद एनसीसी कैडेट्स के परिजनों को सूचना दे दी गई है। वहीं जिला अस्पताल में एनसीसी अधिकारी और जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद हैं। 

मध्य प्रदेश आर्म्ड स्क्वाड्रन एनसीसी द्वारा 14 मई से ट्रिपल आईटीडीएम परिसर में 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर सीएटीसी-98 आयोजित किया जा रहा है। इस शिविर में जबलपुर, सिवनी, कटनी, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, तेंदूखेड़ा, कटंगी और नुनसर सहित कई क्षेत्रों से करीब 450 कैडेट्स पहुंचे थे।  प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने शुरूआती जांच में भीषण गर्मी और लू को बच्चों के बीमार होने की मुख्य वजह बताया है। 

45 डिग्री पारा के बीच  प्रशिक्षण

बता दें कि इन दिनों में मध्य प्रदेश में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। वहीं जबलपुर में बीते चार दिनों से तापमान 44 से 45 डिग्री के बीच बना हुआ। इस बीच 14 मई से ट्रिपल आईटीडीएम परिसर में जबलपुर समेत आसपास के जिलों से आए कैडेट्स का प्रशिक्षण हो रहा है। इस प्रशिक्षण में 450 से ज्यादा एनसीसी कैडेट्स शामिल हुए थे। बताया जा रहा है कि बढ़ते तापमान और खुले आसमान में ट्रेनिंग से इन एनसीसी कैडेट्स की तबीयत बिगड़ गई और ये सभी हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के शिकार हो गए। बता दें कि एनसीसी कैडेट्स के लिए यह ट्रेनिंग कैंप 24 मई में तक आयोजित है।