नई दिल्ली के नरेला इलाके के ओयो होटल में एक युवक ने खुद को गोली मारी। लेकिन इससे पहले उसने अपनी महिला मित्र की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद होटल स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को खून से लथपथ पाया। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। युवक का नाम प्रवीण बताया जा रहा है, जिसका इलाज चल रहा है।

बताया गया कि दिल्ली के नरेला इलाके के रहने वाले प्रवीण पर पिछले साल 21 सितंबर को बीरेंद्र नाम के शख्स ने अपने बेटे गौरव की हत्या का आरोप लगाया था। तभी से प्रवीण इस मामले को लेकर जेल में बंद था। वह 18 नवंबर को ही जमानत पर छूटा था, जिसके बाद मंगलवार को वह गीता नाम की महिला मित्र को लेकर नरेला के ओयो होटल पहुंचा। होटल स्टाफ ने बताया कि पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, इसके बाद फायरिंग की आवाज आई जिसके चलते होटल में अफरातफरी मच गई।

पुलिस को सूचना देने के बाद जब सभी मौके पर पहुंचे तो पाया कि प्रवीण ने गीता के सीने में दो गोली मारी थीं, इसके बाद उसने खुद के सिर में भी गोली मार ली थी।

इसके बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गीता को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रवीण का अभी इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। इस क्रम में पुलिस ने प्रवीण के परिजनों से पूछताछ कर जानकारी जुटानी भी शुरू कर दी है।