ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के पहले सेमीफाइनल पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड पर एकतरफा जीत दर्ज़ कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। फाइनल में अब पाकिस्तान का मुकाबला भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।
न्यूजीलैंड ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का करते हुए निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट पर 152 रनों का स्कोर बनाया। पाकिस्तान ने इस लक्ष्य को महज 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। पाक के लिए कप्तान बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान ने जोरदार अर्धशतकीय पारियां खेलीं।
पहले ओवर की चौथी गेंद पर डेवोन कॉनवे ने बाबर आज़म का कैच छोड़ दिया। इसके बाद शुरुआती ओवरों में धीमी गति से रन बनाने के बाद बाबर और रिजवान ने तेजी से रन बनाये। पावरप्ले में ही पाकिस्तान ने बिना विकेट खोए 55 रन बनाकर मुकाबले पर पकड़ बना ली।
बाबर और रिजवान ने इस टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी करते हुए 105 रन जोड़े। इस स्कोर पर बाबर आज़म को ट्रेंट बोल्ट ने पवेलियन की राह दिखाई। बाबर ने 53 रनों की कप्तानी पारी खेली। वहीं रिज़वान 57 रन बनाकर आउट हुए। रिज़वान को भी ट्रेंट बोल्ट ने आउट किया। हारिस 30 रन बना कर आउट हुए।
इससे पहले शाहीन शाह अफरीदी की अगुवाई में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को चार विकेट पर 152 रन पर रोक दिया।टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का केन विलियमसन का फैसला उस समय गलत साबित हो गया जब अफरीदी ने पहले ओवर में ही करारा झटका दिया ।
शाहीन अफरीदी ने फिन एलेन को पहले ही ओवर में आउट कर पाकिस्तान को शानदार शुरूआत दिलाई। न्यूजीलैंड का दूसरा विकेट छठे ओवर में गिरा जब डेवोन कॉनवे तेजी से रन चुराने के प्रयास में रन आउट हो गए। अगले ओवर में ग्लेन फिलिप्स को मोहम्मद नवाज ने रिटर्न कैच लेकर पवेलियन भेजा । इस समय न्यूजीलैंड का स्कोर आठ ओवर में तीन विकेट पर 49 रन था ।
इसके बाद विलियमसन और मिशेल ने चौथे विकेट के लिये 50 गेंद में 68 रन की साझेदारी की। कीवी पारी में कुल दो छक्के और सिर्फ दस चौके लग सके। विलियमसन अर्धशतक से चार रन पीछे रह गए और 17वें ओवर में अफरीदी ने उन्हें बोल्ड किया। मिशेल और जेम्स नीशाम (नाबाद 16) ने 22 गेंद में 35 रन की साझेदारी की लेकिन आखिरी ओवरों में तेजी से नहीं खेल सके। न्यूजीलैंड ने आखिरी पांच ओवर में सिर्फ 46 रन बनाये।