भारतीय क्षेत्र में पाकिस्तान की ओर से ड्रोन की घुसपैठ जारी है। अब अमृतसर में ड्रोन गतिविधि देखी गई है। सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने सोमवार रात अमृतसर में पाकिस्तान की ओर से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर रहे एक संदिग्ध ड्रोन को मार गिराया। इस पूरे मामले में बीएसएफ का भी बयान सामने आया है।
सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने यह जानकारी दी कि सीमा पर तैनात जवानों ने सोमवार रात अमृतसर (ग्रामीण) के चाहरपुर के पास पाकिस्तान की ओर से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर रहे एक संदिग्ध ड्रोन को मार गिराया। पूरे इलाके की घेराबंदी कर पुलिस और संबंधित एजेंसियों को सूचित कर दिया गया।
इससे पहले भी देखा गया था ड्रोन-
इससे पहले 26 नवंबर को देर रात पाकिस्तान की तरफ से पंजाब के तरनतारन के अमरकोट गांव में एक ड्रोन को घूमते देखा गया था। ड्रोन की नजर पड़ते ही बीएसएफ के जवानों ने उस पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद ड्रोन वापस पाकिस्तान की तरफ लौट गया।
खबरों के मुताबिक, 26 नवंबर को 103 बटालियन के बीएसएफ के जवान गश्त पर थे, तभी उन्होंने ड्रोन की आवाज सुनी। आवाज सुनकर जवानों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस बीच जवानों ने करीब 22 राउंड फायरिंग की, जिसके कुछ मिनट बाद ड्रोन पीछे हट गया।
वापस पाकिस्तान की तरफ भागे ड्रोन-
इससे पहले 15 नवंबर को भारत-पाकिस्तान सीमा पर एक ड्रोन देखा गया था। पंजाब के पठानकोट के बामियाल सेक्टर में बीएसएफ जवानों ने सीमा के पास मंडराते एक ड्रोन को देखा। बीएसएफ कर्मियों द्वारा गोलीबारी किए जाने के बाद उन्हें वापस पाकिस्तान भागना पड़ा।