भारतीय क्रिकेट बोर्ड BCCI के सचिव जय शाह के एशिया कप को तटस्थ स्थल पर खेलने वाले बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पाकिस्तान ने मंगलवार को अगले साल भारत में होने वाले वनडे विश्वकप से हटाने की धमकी दी है। एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) के कार्यकारी बोर्ड के फैसले के अनुसार पाकिस्तान को अगले साल एशिया कप की मेजबानी करनी है।
शाह ने मुंबई में मंगलवार को बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक के बाद पत्रकारों से कहा कि भारत एशिया अन्य स्थल पर खेलेगा। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष रमीज राजा के करीबी सूत्रों ने संकेत दिया कि शाह के बयान के बाद पाकिस्तान भारत में होने वाले वनडे विश्व कप से हटने पर विचार कर रहा है। PCB के सूत्रों ने कहा, “PCB अब कड़ा फैसला लेने के लिए तैयार है क्योंकि वह यह भी जानता है कि अगर इन बड़ी प्रतियोगिताओं में पाकिस्तान भारत से नहीं खेलता है तो ICC और ACC को नुकसान होगा।"
भारत वैश्विक या महाद्वीपीय प्रतियोगिताओं में पाकिस्तान के साथ खेलता रहा है लेकिन 2008 के एशिया कप के बाद भारत ने पाकिस्तान का दौरा नहीं किया है। पाकिस्तान की टीम आखिरी बार 2012 में सीमित ओवरों की द्विपक्षीय श्रृंखला के लिए भारत दौरे पर आई थी।
PCB से जब संपर्क किया गया तो उसने शाह के बयान पर आधिकारिक प्रतिक्रिया करने से इंकार कर दिया। PCB के एक प्रवक्ता ने कहा, "अभी हमें कुछ नहीं कहना है, लेकिन हम परिस्थितियों पर गौर करेंगे और अगले महीने मेलबर्न में होने वाले ICC बोर्ड की बैठक जैसे उचित मंच पर यह मसला उठाएंगे।"
हालांकि सूत्रों से पता चला है कि PCB अध्यक्ष रमीज़ रज़ा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शाह के बयान से काफी खफा है, और उन्होंने कुछ कड़े फैसले लेने का निर्णय किया है। PCB सूत्रों ने कहा रमीज राजा ACC को इस मसले पर अपनी आपत्ति के संबंध में एक पत्र भेजेंगे और शाह के बयान पर चर्चा करने के लिए अगले महीने मेलबर्न में ACC की आपात बैठक बुलाने की मांग करेंगे।
सूत्रों ने कहा, 'एक विकल्प जिस पर विचार किया जा रहा है वह ACC से बाहर होना है क्योंकि जब ACC अध्यक्ष इस तरह का बयान देता है तो पाकिस्तान का उस संस्था में बने रहने का कोई मतलब नहीं है।