ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के पहले सेमीफाइनल पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड पर एकतरफा जीत दर्ज़ कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। फाइनल में अब पाकिस्तान का मुकाबला भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। न्यूजीलैंड ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का करते हुए निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट पर 152 रनों का स्कोर बनाया। पाकिस्तान ने इस लक्ष्य को महज 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

पाकिस्तान की इस जीत ने दूसरे सेमीफाइनल से पहले ही इसके विजेता के लिए खतरे की घंटी बजा दी है। इसका कारण सीधा सा है। पाकिस्तान ने इस मुकाबले में वो सब हासिल कर लिया जो उसकी सबसे बड़ी ताकत है। 

बाबर का फॉर्म 

पाकिस्तान का इस मुकाबले में सबसे बड़ा हासिल रहा उसके कप्तान बाबर आजम का फाॅर्म। इस मुकाबले में पहले ओवर में मिले जीवनदान के बाद बाबर ने पहले तो संभलते हुए अपनी पारी को बढाया और फिर अपने चित परिचित अंदाज में मैदान के चारों ओर बेहतरीन शॉट खेलते हुए पचासा जड़ा। इस मुकाबले से पहले बाबर ने इस वर्ल्ड कप के 5 मैच में सिर्फ 39 रन बनाए थे। फाइनल से पहले बाबर का फार्म में आना निश्चित ही पाकिस्तान के लिए बड़ी राहत की बात है।  

ओपनिंग बल्लेबाज़ी
 
इस मुकाबले में पाकिस्तान ने इस T-20 वर्ल्ड कप की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी की। बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान ने पहले विकेट के लिए 103 रन जोड़कर मुकाबले को एकतरफा कर दिया। पाक की ओपनिंग जोड़ी उसकी बड़ी ताकत क्यों है  बाबर और रिजवान ने आज फिर इसे साबित कर दिया। इन दोनों की ओपनिंग चल जाए तो विपक्षी टीम की हार पक्की हो जाती है।  

शाहीन अफरीदी की धार

इस मुकाबले में टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के न्यूजीलैंड के फैसले को अगर किसी ने गलत साबित किया तो वह पाकिस्तानी गेंदबाज शाहीन अफरीदी थे। अफरीदी ने अपने पहले ही ओवर में फिन एलन को पवेलियन भेजकर  न्यूजीलैंड पर जो दबाव बनाया उससे पूरी टीम नहीं निकल पाई। दूसरे स्पेल में शाहीन ने विलियमसन का विकेट लेकर यह तय कर दिया कि न्यूजीलैंड बड़ा स्कोर नहीं बना पाएगी। फाइनल से पहले शाहीन का गेंद के साथ ले में आना बड़े खतरे का संकेत है।