टी-20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के खिलाफ महामुकाबले से पहले पाकिस्तान ने ताकत दिखाई है। पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड में तीन देशों की सीरीज का फाइनल मुकाबला जीत ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया है। इस जीत से पकिस्तान के हौसले बुलंद हो गए हैं।
फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने मेजबान न्यूजीलैंड को रोमांचक मुकाबले में पांच विकेट से हराया। मैच में न्यूजीलैंड ने पहले खेलते हुए 7 विकेट पर 163 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान ने लक्ष्य को 19.3 ओवर में 5 विकेट पर हासिल कर लिया। T-20 वर्ल्ड कप के मुकाबले 16 अक्टूबर से शुरू हो रहे हैं।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। पकिस्तान ने कप्तान बाबर आजम , शान मसूद और विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान के विकेट 74 रन के स्कोर तक गँवा दिए थे। तीन विकेट गिरने के बाद मोहम्मद नवाज और हैदर अली ने 26 गेंद पर 56 रन की साझेदारी कर टीम को जीत की रह दिखा दी। हैदर अली ने 15 गेंद पर 31 रन और ऑलराउंडर नवाज 22 गेंद पर 38 रन बनाये।
इससे पहले न्यूजीलैंड के लिए कप्तान केन विलियमसन ने 38 गेंद पर 59 रन बनाए। उनके अलावा ग्लेन फिलिप्स ने 29 और मार्क चैपमैन ने 25 रन बनाए। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज नसीम शाह और हारिस रऊफ को 2-2 विकेट मिले।
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया में टी-20 वर्ल्ड कप का आगाज 16 अक्टूबर से हो रहा है। भारतीय टीम 15 साल बाद टूर्नामेंट को जीतने के लिए उतरेगी। वह पिछली बार 2007 में पहले वर्ल्ड कप के दौरान चैंपियन बनी थी। उसका पहला मुकाबला 23 अक्टूबर को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा।
29 दिन तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 45 मैच खेले जाएंगे। टीमों की बात करें तो 16 देश इसमें हिस्सा ले रहे हैं। आठ टीमों को सुपर-12 में सीधे जगह मिली है। वहीं, आठ टीमें पहले दौर में खेलेंगी। वहां दो ग्रुपों में चार-चार टीमों को बांटा गया है। दोनों ग्रुप से टॉप-2 टीमें सुपर-12 में प्रवेश करेंगी।