BSF Shot Down Pakistani Drones: BSF ने जनवरी 2023 से अब तक भारतीय क्षेत्र में घुसे 69 पाकिस्तानी ड्रोनों को मार गिराया है. इनमें से अधिकतर ड्रोन चीन में बने हैं. साथ ही जिन ड्रोन को BSF ने मार गिराया है. उनके जरिए पाकिस्तानी तस्करों द्वारा नशीले पदार्थ भारत भेजे जा रहे थे. मामले की संबंधित जानकारी बीएसएफ की ओर से दी गई है.
2023 में BSF ने 69 ड्रोन मार गिराए गए-
बीएसएफ के मुताबिक, ज्यादातर ड्रोन चीन में तैयार किये गए थे. चार रोटर वाले ड्रोन के विभिन्न मॉडल क्वाडकॉप्टर डिज़ाइन के हैं. जानकारी के अनुसार, बीएसएफ ने इस साल 1 जनवरी से 31 अक्टूबर के बीच भारत की पश्चिमी सीमा पर पंजाब, राजस्थान और जम्मू बॉर्डर से होकर गुजरने वाले कुल 69 ऐसे ड्रोन नष्ट किए हैं.
भारतीय सीमा से ड्रोन जब्त किए-
इन 69 ड्रोन में से 60 पंजाब सीमा से और 9 राजस्थान सीमा से जब्त किए गए हैं. अक्टूबर में सबसे ज्यादा 19 ड्रोन पंजाब बॉर्डर से और दो ड्रोन राजस्थान बॉर्डर से पकड़े गए. हालांकि, जून में 11 ड्रोन जब्त किए गए थे. मई में 7 और फरवरी, जुलाई और सितंबर में 6-6 ड्रोन पकड़े गए. जबकि, अगस्त में 5, मार्च और अप्रैल में 3-3 और जनवरी में 1 ड्रोन जब्त किया गया था.
तीन साल में 93 ड्रोन जब्त किए गए-
आंकड़ों के मुताबिक जनवरी, मार्च, अप्रैल और मई महीने में राजस्थान सीमा से कोई ड्रोन नहीं पकड़ा गया. इस साल 1 जनवरी 2020 से 31 अक्टूबर तक बीएसएफ ने कुल 93 ड्रोन जब्त किए हैं. इनमें से केवल एक ड्रोन जून 2020 में और एक दिसंबर 2021 में जम्मू सीमा से जब्त किया गया था.
ड्रोन के जरिए हो रहीं थी मादक पदार्थों की तस्करी-
बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि इन ड्रोन के जरिए पाकिस्तानी तस्करों द्वारा 500 ग्राम से 1 किलो तक हेरोइन भारत भेजी जाती थी. इन ड्रोनों को रात में उड़ाकर भारत-पाकिस्तान सीमा को आसानी से पार किया जा सकता है. पाकिस्तानी तस्कर भारत की पंजाब सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल करते थे. ड्रोन तरनतारन, अमृतसर, फिरोजपुर, गुरदासपुर और अबोहर जिलों में पाए गए.
इस ड्रोन का चीन से क्या है कनेक्शन?
अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, तस्करी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले ज्यादातर ड्रोन चीन में बने होते थे. इसके पीछे कारण यह है कि चीनी ड्रोन अन्य ड्रोनों की तुलना में काफी सस्ते मिलते हैं. इसलिए अगर ये ड्रोन पकड़े भी जाते हैं तो तस्करों को बड़ा नुकसान नहीं होता है.