Jammu and Kashmir: पीआईए (पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस) के लोगो वाला एक हवाई जहाज के आकार का गुब्बारा शनिवार को जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में मिला। कठुआ जिले के हीरानगर में एक रहस्यमयी काला और सफेद गुब्बारा जमीन पर पड़ा मिला। सुरक्षाबलों ने गुब्बारे को जब्त कर लिया और यह पता लगाने के लिए इलाके की तलाशी शुरू कर दी कि गुब्बारा कहां से आया।

इस साल फरवरी में शिमला के एक सेब के बगीचे में PIA लोगो के साथ एक हरे और सफेद हवाई जहाज के आकार का गुब्बारा देखा गया था। पिछले कुछ दिनों में बीएसएफ ने पंजाब में अंतर्राष्ट्रीय सीमा (आईबी) के पास चार पाकिस्तानी ड्रोनों को रोका और उनमें से तीन को मार गिराया।

इससे पहले बीएसएफ के जवानों ने एक अप्रैल को श्रीगंगानगर के रायसिंहनगर इलाके के 41पीएस चेक पोस्ट इलाके में भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक पाक ड्रोन की आवाजाही की आशंका के चलते उस पर फायरिंग की थी। पाकिस्तान से सीमा पार हेरोइन तस्कर अक्सर ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में ड्रग्स भेजते हैं। इसी आशंका के चलते सुरक्षाकर्मी हमेशा अलर्ट पर रहते हैं।