टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने पिछले हफ्ते से नेशनल क्रिकेट एकेडमी में अपना रिहैब प्रोग्राम शुरू किया है। ऋषभ मैदान पर जल्द वापसी की दिशा में काम कर रहे हैं। पिछले हफ्ते उन्होंने एक इंस्टा स्टोरी के जरिए रिहैब प्रोग्राम शुरू करने का संकेत दिया था। अब एक और तस्वीर के जरिए उन्होंने खुलासा किया है कि वह अपने ठीक होने और फिर से अपनी फिटनेस हासिल करने के लिए खूब पसीना बहा रहे हैं।
ऋषभ ने बुधवार रात अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें दिख रहा है कि उन्होंने अब जिम जाना शुरू कर दिया है। इस तस्वीर में वह जिम में लिखी एक लाइन की ओर इशारा कर रहे हैं। ऋषभ के प्रशंसकों के लिए यह अच्छी खबर है। इससे पहले जब उन्हें देखा गया तो उनके पैर में भारी पट्टी बंधी हुई थी।
ऋषभ पंत का पिछले साल के आखिरी दिनों में एक्सीडेंट हो गया था। एक कार दुर्घटना में ऋषभ गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके पैर में सबसे ज्यादा चोट आई है। इसके बाद से वह टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। सर्जरी के बाद तीन महीने से ज्यादा के आराम के बाद अब उन्होंने रिहैब प्रोग्राम शुरू किया है।
ऋषभ पंत अपनी चोट से उबरने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन इस साल क्रिकेट में वापसी करना उनके लिए काफी मुश्किल है। उन्हें ठीक होने में काफी समय लगेगा। इस साल भारत में होने वाले विश्व कप में उनके खेलने की गुंजाइश बहुत कम है। हो सकता है कि वर्ल्ड कप के बाद भी वो लंबे समय तक टीम इंडिया की टीम का हिस्सा न हों।