मध्यप्रदेश बुजुर्गों को प्लेन से तीर्थ यात्रा कराने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। रविवार सुबह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रयागराज के लिए 32 बुजुर्ग तीर्थ यात्रियों को इंडिगो की फ्लाइट से रवाना किया। प्लेन से तीर्थ यात्रा पर जा रहे बुजुर्ग भाव विभोर दिखे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खुद बुजुर्गों को छोड़ने एयरपोर्ट तक आए। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि एक संकल्‍प आज पूरा हुआ है,एक सपना आज साकार हुआ है। मेरे माता पिता समान बुजुर्ग आज हवाई जहाज से तीर्थ यात्रा कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी की सरकार का कर्तव्‍य है कि मनुष्‍य को हर प्रकार की सुख देने की कोशिश करना है।

CM शिवराज ने कहा कि राम की कृपा से आप तीर्थों के दर्शन करेंगे और हमें व प्रदेश को आपका आशीर्वाद मिलेगा। CM ने घोषणा करते हुए कहा, अगली फ्लाइट में जोड़े से बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा कराई जाएगी। अभी एक परिवार से एक ही जाता है। अगली फ्लाइट में दादा भी जाएंगे और दादी भी जाएंगी।

प्रयागराज की तीर्थ यात्रा में कुल 24 पुरुष और 8 महिला बुजुर्ग शामिल हैं।  19 जुलाई तक चलने वाली इस यात्रा में 25 जिलों के बुजुर्गों को प्रयागराज, शिरडी, मथुरा-वृंदावन और गंगासागर ले जाया जाएगा। बुजुर्गों को प्रयागराज, शिरडी, मथुरा-वृंदावन और गंगासागर की प्लेन से तीर्थ यात्रा कराई जाएगी। 23 मई को आगर-मालवा जिले के तीर्थ यात्री इंदौर एयरपोर्ट से शिरडी जाएंगे। इंदौर, आलीराजपुर, धार, राजगढ़, रायसेन, सीहोर, झाबुआ, विदिशा, आगर मालवा, बैतूल, देवास, हरदा, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, दमोह, रतलाम, शाजापुर, सागर, उज्जैन, खंडवा, बड़वानी, बुरहानपुर और खरगोन के तीर्थ यात्री शिरडी, प्रयागराज, गंगासागर और मथुरा-वृंदावन की तीर्थ यात्रा प्लेन से करेंगे।