चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच जुबानी जंग जारी है. PK ने अब नीतीश कुमार के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने PK पर जदयू को कांग्रेस में विलय करने का आरोप लगाया था. PK ने नीतीश पर तंज कसते हुए कहा कि उम्र उन पर अपना असर दिखा रही है. वह बोलना कुछ और चाहते है और बोल कुछ और देते है.

PK ने आगे कहा कि नीतीश कुमार कहते हैं कि मैं बीजेपी के एजेंडे पर काम कर रहा हूं, लेकिन वह खुद कहते हैं कि मैंने उन्हें कांग्रेस में शामिल होने के लिए कहा था. नीतीश जी भ्रमित हैं और राजनीतिक रूप से अलग-थलग हैं. वह ऐसे लोगों से घिरे हुए है जिन पर वह भरोसा नहीं कर सकते. वह अकेले पड़ गए है इसलिए हर कुछ बोल रहें हैं.

नीतीश का PK पर वार-

इससे पहले नीतीश कुमार ने प्रशांत किशोर के उत्तराधिकार के दावे को झूठा बताया था. उन्होंने कहा, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे क्या कहना चाहते हैं, हमें इससे कोई लेना-देना नहीं है. नीतीश ने PK पर आरोप लगाया कि एक दिन PK उनके पास आए और उनसे अपनी पार्टी को कांग्रेस में विलय करने को कहा, लेकिन उस पर नीतीश ने कहा कि वह कांग्रेस में क्यों विलय करेंगे. नीतीश बोले ये करीब 4-5 साल पहले की बात है.

नीतीश कुमार फिलहाल मिशन_2024 में व्यस्त हैं. वह सभी विपक्षी नेताओं को एकजुट करने का काम कर रहे हैं. वह पहले भी कई नेताओं से मिल चुके हैं. उनकी कोशिश 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने की है. वहीं नीतीश कुमार और प्रशांत किशोर भी इन दिनों अपने बयानों के कारण चर्चा में हैं.