प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर साल की तरह इस बार भी सीमा पर सैनिकों के साथ दीपावली मना रहे हैं। पीएम मोदी दिवाली की सुबह  कारगिल पहुंचे। साल 2014 में जब से नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री की कुर्सी संभाली है, वह हमेशा ही जवानों संग ही दिवाली का पर्व मनाते हैं। 

प्रधानमंत्री ने दिवाली के मौके पर सभी देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं।  पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा- सभी को दीपावली की शुभकामनाएं। दिवाली चमक और प्रकाश से जुड़ी है। यह पावन पर्व हमारे जीवन में सुख और समृद्धि की भावना को आगे बढ़ाए। मुझे आशा है कि आपके पास परिवार और दोस्तों के साथ एक शानदार दिवाली मनाएंगे। 

दिवाली से एक दिन पहले ही उन्होंने अयोध्या में राम जन्मभूमि परिसर में राम लला की पूजा की थी और राम मंदिर के निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की। पीएम मोदी की उपस्थिति में दिवाली के मौके पर सरयू नदी के तट पर 15 लाख दीये जला रिकॉर्ड बनाया था। 

पीएम मोदी की सरहद पर  दिवाली 

4 नवंबर 2021: पीएम मोदी राजोरी के नौशेरा सेक्टर में जवानों संग दिवाली मनाई।

14 नवंबर 2020: पीएम मोदी ने सातवीं दिवाली जैसलमेर के लोंगेवाला पोस्ट पर जवानों के साथ प्रकाश पर्व मनाया था । 

27 अक्तूबर 2019: पीएम मोदी ने 2019 में एलओसी पर जवानों के साथ दिवाली मनाई थी। पीएम मोदी राजौरी में एलओसी पर तैनात सैनिकों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया था। 

7 नवंबर 2018: 2018 में पीएम मोदी ने भारत तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों के साथ उत्तराखंड के हर्षिल में दिवाली मनाई थी।

 18 अक्तूबर 2017: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जवानों के संग दिवाली मनाई थी। तब वे जम्मू कश्मीर के गुरेज में सैनिकों के बीच दिवाली मनाकर उनका जोश बढ़ाया था। 

 30 अक्तूबर  2016 : पीएम मोदी 2016 में हिमाचल के किन्नौर में दिवाली मनाने पहुंचे थे। यहां उन्होंने भारत चीन बॉर्डर के पास जवानों के साथ दिवाली मनाई थी।

11 नवंबर 2015: पीएम मोदी ने पंजाब में जवानों के साथ दिवाली मनाई थी। यहां वे 1965 युद्ध के वॉर मेमोरियल का दौरा भी करने पहुंचे थे। 

23 अक्तूबर  2014: मई 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद पीएम मोदी ने जवानों के साथ दिवाली मनाने का फैसला किया था। इसके बाद 23 अक्टूबर 2014 को उन्होंने बतौर पीएम सियाचिन में पहली दिवाली मनाई थी।