प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज भारत के पहले पीएम जवाहरलाल नेहरू के एक और रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। चुनाव के बाद जीतकर आने और लगातार शासन करने वाले प्रधानमंत्रियों के मामले में मोदी अब संयुक्त रूप से पीएम नेहरू के साथ हैं। 9 जून तक की बात करें तो एक चुने हुए पीएम के तौर पर मोदी ने लगातार 4398 दिन (2014 से जारी) शासन कर लिया है, जो कि पंडित नेहरू के कुल (और लगातार दोनों) शासन की बराबरी है। कल 10 जून को पीएम मोदी इस कीर्तिमान को भी तोड़ देंगे।

पीएम मोदी की इस उपलब्धि पर सीएम डॉ मोहन यादव ने बधाई दी है उन्होंने इन 12 सालों को देश के लिए निर्णायक बताया है। सोशल मीडिया पोस्ट में सीएम डॉ मोहन यादव ने लिखा कि  12 वर्ष पूर्व देश ने जोश और अटूट विश्वास के साथ आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  जी को अपना प्रधानमंत्री चुना था, लेकिन उन्होंने स्वयं को हमेशा एक प्रधानसेवक माना। इसी रूप में वे अपना राष्ट्रधर्म निभाते हुए विकसित भारत के निर्माण में जुटे हैं। 

सीएम यादव ने आगे लिखा कि प्रधानमंत्री जी ने 140 करोड़ भारतीयों की सेवा को ही ईश्वर की सेवा मानते हुए सुशासन और प्रगति के नए-नए रिकॉर्ड बनाए हैं। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के संकल्प के साथ उन्होंने समाज के हर वर्ग- विशेषकर गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी के जीवन में समृद्धि का नित नया सवेरा लाकर उनका भरोसा जीता है। उन्होंने मुस्लिम बहनों को तीन तलाक के अभिशाप से मुक्ति दिलाकर उनके आत्मसम्मान की रक्षा की।

सीएम ने लिखा कि कोविड महामारी के संकटकाल में हर पात्र नागरिक को मुफ्त राशन और देशव्यापी मुफ्त टीकाकरण की सुरक्षा दी। कई देशों को भी टीके देकर ‘वसुधैव कुटुम्बकम' के भाव से दुनिया का परिचय कराया। उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार की अनेक कल्याणकारी योजनाओं ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को अधिकार, सम्मान और आत्मनिर्भरता का एहसास कराया है। आज प्रत्येक नागरिक की आकांक्षाएं और सपने पूरे हो रहे हैं। देश विश्व पटल पर एक महाशक्ति के रूप में खड़ा हो रहा है। ये युगांतरकारी परिवर्तन इसलिए संभव हो पाए हैं, क्योंकि सरकार की हर नीति, नीयत और निर्णय के मूल में मानवीय संवेदना रही है।