PM Modi In Rojgar Mela: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 लाख कर्मियों की भर्ती के लिये 'रोजगार मेला' अभियान के तहत सोमवार यानी 28 अगस्त को 51,000 से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किये. इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने युवाओं को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित भी किया.

रोवर प्रज्ञान लगातार चंद्रमा से ऐतिहासिक तस्वीरें भेज रहा है- मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने नियुक्ति पत्र सौंपते हुए कहा, यह रोजगार मेला ऐसे समय में मनाया जा रहा है जब देश गौरव और आत्मविश्वास से भरा हुआ है. ऐसे समय में आप अपने जीवन की सबसे महत्वपूर्ण यात्रा पर निकलने जा रहे हैं. मैं सभी सफल उम्मीदवारों और उनके परिवारों को बधाई देता हूं.

उन्होंने बताया कि आज जिन युवाओं को नियुक्ति पत्र मिल रहा है, वो देश की सेवा के साथ-साथ देश के नागरिकों की रक्षा भी करेंगे. इसलिए एक तरह से आप इस अमृत काल के जन और अमृत रक्षक भी हैं. इस बार रोजगार मेले का ये आयोजन एक ऐसे माहौल में हो रहा है, जब देश गर्व और आत्मविश्वास से भरा हुआ है. हमारा चंद्रयान और उसका रोवर प्रज्ञान लगातार चंद्रमा से ऐतिहासिक तस्वीरें भेज रहा है. ऐसे समय में आप अपने जीवन की सबसे महत्वपूर्ण यात्रा शुरू करने जा रहे हैं.

आवेदन से लेकर चयन तक की प्रक्रिया में आई तेजी- मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, सेना में आकर सुरक्षाबलों के साथ जुड़कर, पुलिस सेवा में आकर हर युवा का सपना होता है वो देश की रक्षा का प्रहरी बने, इसलिए आप पर बहुत बड़ा दायित्व होता है. इसलिए आपके जरूरतों के प्रति भी हमारी सरकार बहुत गंभीर रही है.

उन्होंने आगे बताया कि आवेदन से लेकर चयन तक की प्रक्रिया में तेजी लाई गई है. अर्धसैनिक बलों में भर्ती के लिए होने वाली परीक्षा अब 13 स्थानीय भाषाओं में भी कराई जा रही है. इस बदलाव से लाखों युवाओं के लिए रोजगार पाने के अवसर खुल गए हैं.

भर्ती परीक्षा 13 स्थानीय भाषाओं में कराई जा रही है- मोदी

प्रधानमंत्री मोदी बोले, युवा सेना में शामिल होकर अपने देश की रक्षा करने का सपना देखते हैं. हमने अर्धसैनिक बलों की भर्ती प्रक्रिया में कुछ बदलाव किए हैं. अर्धसैनिक बलों के लिए परीक्षा अब 13 क्षेत्रीय भाषाओं में आयोजित की जाती है. पहले, केवल अंग्रेजी और हिंदी के लिए प्रावधान थे, लेकिन अब परीक्षा मातृभाषा में भी उपलब्ध है.

उन्होंने कहा, आप यूपी का उदाहरण ले सकते हैं. कभी यूपी विकास के मामले में बहुत पीछे था और अपराध के मामले में बहुत आगे था. लेकिन, अब कानून का राज स्थापित होने से यूपी विकास की नई ऊंचाई छू रहा है. किसी भी अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ने के लिए ये जरूरी है कि देश के हर सेक्टर का विकास हो. फूड से लेकर फार्मा तक, स्पेस से लेकर स्टार्ट अप तक, जब हर सेक्टर आगे बढ़ेगा तो अर्थव्यवस्था भी आगे बढ़ेगी.

अर्थव्यवस्था में टूरिज्म सेक्टर का योगदान सबसे ज्यादा- मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि पिछले साल छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों में हजारों आदिवासी छात्रों की भर्ती की गई थी. उन्हें नियमों से छूट दी गई ताकि वे विकास की मुख्यधारा से जुड़े रह सकें. सीमावर्ती जिलों और उग्रवाद प्रभावित स्थानों के युवाओं के लिए कांस्टेबल प्रवेश परीक्षा का कोटा बढ़ा दिया गया है.

उन्होंने आगे कहा, भारत में आज इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास हो रहा है. पिछले 9 साल में केंद्र सरकार ने 30 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च किए हैं. 2030 तक हमारी अर्थव्यवस्था में टूरिज्म सेक्टर का योगदान 20 लाख करोड़ रुपए से भी ज्यादा होने का अनुमान है. माना जा रहा है कि अकेले इस इंडस्ट्री से 13 से 14 करोड़ लोगों को नए रोजगार की संभावना बढ़ने वाली है.

भारत दुनिया की शीर्ष 3 अर्थव्यवस्थाओं में से एक होगा- मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, पिछले 9 वर्षों के हमारे प्रयासों से परिवर्तन का एक और नया दौर दिखने लगा है. पिछले साल भारत ने रिकॉर्ड एक्सपोर्ट किया. ये संकेत है कि दुनियाभर के बाजारों में भारतीय सामानों की डिमांड लगातार बढ़ रही है. 'वोकल फॉर लोकल' के मंत्र पर चलते हुए भारत सरकार भी 'मेड इन इंडिया' लैपटॉप, कंप्यूटर जैसे प्रोडक्ट खरीदने पर जोर दे रही है. इससे मैन्युफैक्चरिंग भी बढ़ी है और युवाओं के लिए रोजगार के नए मौके भी बन रहे हैं.

उन्होंने बताया कि एक दशक के भीतर भारत दुनिया की शीर्ष 3 अर्थव्यवस्थाओं में से एक होगा. यह मोदी की गारंटी है. किसी भी अर्थव्यवस्था की समृद्धि के लिए यह जरूरी है कि हर क्षेत्र आगे बढ़े. आज ऑटोमोबाइल और ऑटो-कंपोनेंट्स इंडस्ट्री 12 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की है. इस ग्रोथ को संभालने के लिए इंडस्ट्री को युवाओं की जरूरत होगी और इसलिए इस सेक्टर में रोजगार के पर्याप्त मौके होंगे.

50 करोड़ से भी ज्यादा जन धन खाते खोले- मोदी 

प्रधानमंत्री मोदी बोले, 9 साल पहले आज के ही दिन प्रधानमंत्री जन धन योजना लॉन्च की गई थी. इस योजना ने गांव और गरीब के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ ही रोजगार निर्माण में भी बहुत बड़ी भूमिका निभाई है. इस योजना के तहत बीते 9 साल में 50 करोड़ से भी ज्यादा जन धन खाते खोले जा चुके हैं. भारत की वृद्धि सिर्फ संख्या के बारे में नहीं है, इसका असर हर नागरिक पर पड़ेगा. रोजगार के अवसर पैदा होने से आय बढ़ेगी और सभी के लिए जीवन की अच्छी गुणवत्ता सुनिश्चित होगी.

उन्होंने आगे कहा, जन धन खातों ने गांवों में महिला सेल्फ हेल्प ग्रूप को भी मजबूत बनाने में बहुत मदद की है. कई महिलाएं तो लखपति दीदी बन गई हैं. इस योजना ने देश में सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. "वोकल फॉर लोकल" के मंत्र पर चलते हुए भारत सरकार मेड-इन-इंडिया लैपटॉप और कंप्यूटर खरीदने पर जोर दे रही है. इससे विनिर्माण के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार भी बढ़ा है. यह युवा ही हैं जो हमारी अर्थव्यवस्था की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है.

24 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के लोन बांटे जा चुके हैं- मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि जन धन योजना ने मुद्रा योजना को सक्षम किया है जिससे महिलाओं और समाज के अन्य वर्गों के लिए बैंक से ऋण लेना आसान हो गया है. इस वर्ग के पास जमानत के तौर पर देने के लिए कुछ नहीं था, इसलिए सरकार ने उनके लिए गारंटी ले ली. इसके तहत अब तक 24 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के लोन बांटे जा चुके हैं.

उन्होंने आगे कहा, जनधन खातों ने गांवों में महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाया है. जन धन योजना ने हमारे सामाजिक और आर्थिक परिदृश्य को बदल दिया है. एक कर्मयोगी के रूप में, आपके पास आईजीओटी कर्मयोगी पोर्टल पर 600 से अधिक पाठ्यक्रमों तक पहुंच है. गौरतलब है कि इस प्लेटफॉर्म पर 20 लाख से ज्यादा सरकारी कर्मचारी पहले ही रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं.