प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को देवभूमि उत्तराखंड के दौरे पर हैं। सुबह वे केदारनाथ धाम पहुंचे और बाबा केदारनाथ की पूजा-अर्चना की। पीएम मोदी बद्रीनाथ धाम भी जाएंगे। पीएम मोदी ने केदारनाथ यात्रा के दौरान हिमाचल की महिलाओं से किये एक वादे को भी निभाया।  

पीएम मोदी ने बाबा केदारनाथ यात्रा के दौरान चोला डोरा पहना। ये चोला डोरा पीएम मोदी को पिछले दिनों हिमाचल यात्रा के दौरान चंबा की महिलाओं द्वारा उपहार में  दिया गया था। इस हस्तनिर्मित पोशाक को उपहार स्वरूप लेते हुए पीएम ने महिलाओं से वादा किया था कि जब वे ठंडे स्थान पर जाएंगे तो वह इसे पहनेंगे और आज केदारनाथ यात्रा के दौरान पीएम ने अपना वादा पूरा कर दिया।

प्रधानमंत्री आज देवभूमि उत्तराखंड में जिन विकास परियोजनाओं का शिलान्यास कर रहे हैं उनकी लागत 3400 करोड़ से ज्यादा बताई जा रही है। पीएम मोदी केदारनाथ रोपवे परियोजना का शिलान्यास करेंगे। यह रोपवे 9.7 किलोमीटर लंबा होगा, जो गौरीकुंड को केदारनाथ से जोड़ेगा। अभी गौरीकुंड से केदारनाथ तक जाने में करीब छह घंटे का समय लगता है। रोपवे बनने के बाद यह यात्रा 30 मिनट में पूरी हो सकेगी।

प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेन्द्र मोदी बीते 8 साल में छठवीं बार केदारनाथ पहुंचे हैं। इससे पहले पीएम मोदी आज सुबह देहरादून स्थित जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल गुरमीत सिंह ने उनका स्वागत किया।  इसके बाद पीएम मोदी केदारनाथ के लिए रवाना हुए। केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के बाद पीएम मोदी 23 अक्टूबर को अयोध्या भी जाने वाले हैं।