प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अत्याधुनिक सुविधाओं वाले एम्स नागपुर का उद्घाटन किया। उन्होंने जुलाई 2017 में इसका शिलान्यास भी किया था। अस्पताल विदर्भ क्षेत्र को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करेगा और गढ़चिरौली, गोंदिया और मेलघाट के आदिवासी क्षेत्रों के लिए वरदान साबित होगा।
नागपुर मेट्रो के उद्घाटन के बाद क्या बोले पीएम मोदी?
पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि मैं नागपुर मेट्रो के पहले चरण के उद्घाटन पर नागपुर के लोगों को बधाई देना चाहता हूं। दो मेट्रो ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई और मेट्रो में सवारी कर लोगों से चर्चा की। उन्होंने बताया कि मेट्रो आरामदायक और सुविधाजनक है।
पीएम मोदी ने नागपुर में बजाया ढोल-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महाराष्ट्र के नागपुर दौरे पर हैं। इसी बीच प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से उनका एक वीडियो ट्वीट किया गया है। जिसमें पीएम एक खास अंदाज में नजर आ रहें है। दरअसल, नागपुर में एक पारंपरिक स्वागत समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें पीएम ने उत्साह के साथ ढोल बजाया।
55,000 करोड़ की लागत से बन रहा समृद्धि महामार्ग-
आज पीएम मोदी ने नागपुर और शिरडी को जोड़ने वाले 'समृद्धि महामार्ग' के पहले चरण का भी उद्घाटन किया। करीब 701 किलोमीटर लंबे बालासाहेब ठाकरे महाराष्ट्र समृद्धि हाईवे का निर्माण करीब 55,000 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। यह भारत का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे है, जो महाराष्ट्र के 10 जिलों अमरावती, औरंगाबाद और नासिक के प्रमुख शहरी क्षेत्रों से होकर गुजरता है।
वंदे भारत ट्रेन को PM मोदी ने दिखाई हरी झंडी-
इस बीच पीएम मोदी ने 11 दिसंबर को नागपुर और बिलासपुर को जोड़ने वाली छठी ऐसी ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रेल मंत्रालय अगस्त 2023 तक कम से कम 75 वंदे भारत ट्रेनों को शामिल करने का लक्ष्य लेकर चल रहा है।