PM Modi in Surat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (17 दिसंबर) गुजरात के सूरत में "सूरत डायमंड बोर्स" का उद्घाटन किया. इस दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद रहे. सूरत डायमंड बोर्स की बिल्डिंग 67 लाख वर्ग फुट से अधिक के क्षेत्र में फैली हुई है. जो अब दुनिया का सबसे बड़ा डायमंड कार्यालय परिसर है. यह सूरत शहर के पास खजोद गांव में स्थित है. पहले से ही सूरत अपनी हीरा इंडस्ट्री के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है.

अब सूरत डायमंड बोर्स अंतर्राष्ट्रीय हीरे और आभूषण व्यवसाय के लिए दुनिया का सबसे बड़ा और आधुनिक केंद्र होगा. यह कच्चे और पॉलिश किए गए हीरों के साथ-साथ आभूषणों के व्यापार का एक वैश्विक केंद्र होगा, जहां एक्सचेंज में आयात-निर्यात के लिए अत्याधुनिक 'सीमा शुल्क निकासी गृह', खुदरा आभूषण व्यवसाय के लिए आभूषण मॉल और अंतर्राष्ट्रीय बैंकिंग और सुरक्षित वॉल्ट की सुविधा होगी.
सूरत एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन-
वहीं, पीएम मोदी ने सूरत डायमंड बोर्स के अलावा ''सूरत एयरपोर्ट'' के नए एकीकृत टर्मिनल भवन का भी उद्घाटन किया. जिसके तहत टर्मिनल भवन अब अपने सबसे बिजी दौर में भी 1200 घरेलू यात्रियों और 600 अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को संभालने में सक्षम है.
सूरत के डायमंड की चमक सबसे अलग- PM
सूरत डायमंड बोर्स के उद्घाटन समारोह के दौरान पीएम मोदी बोले, आज कल मोदी की गांरटी की चर्चा हो रही है. पांच राज्यों के चुनाव नतीजे आने के बाद तो इसकी और भी ज्यादा चर्चा होने लगी. यहां के परिश्रमी लोगों ने 'मोदी की गारंटी' को सच्चाई में बदलते देखा है और इस गारंटी का उदाहरण ये "सूरत डायमंड बोर्स" भी है. सूरत के डायमंड की अलग चमक है. इसकी पहचान पूरी दुनिया में है.
उन्होंने आगे कहा कि सूरत एयरपोर्ट भी अब इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन गया है. सूरत डायमंड बोर्स की ये बिल्डिंग भारतीय डिजाइनरों, भारतीय सामग्रियों और भारतीय अवधारणाओं की क्षमताओं को प्रदर्शित करती है. ये भवन नए भारत की नई ताकत, नए संकल्प का प्रतीक है. सूरत को एक वक्त सन सिटी के तौर पर जाना जाता था. यहां के लोगों ने मेहनत से इसे डायमंड सिटी और सिल्क सिटी बनाया है. आज सूरत लाखों युवाओं के लिए सपनों का शहर है. अब सूरत आईटी के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहा है.
मेड इन इंडिया बना एक सशक्त ब्रांड- PM
पीएम मोदी बोले, इन बीते 10 सालों में भारत 10वें नंबर की आर्थिक ताकत से ऊपर उठकर 5वें नंबर पर पहुंचा है. अब मोदी ने देश को गारंटी दी है कि अपनी तीसरी पारी में भारत, दुनिया की टॉप-3 इकोनॉमी में जरूर शामिल होगा. आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर माहौल भारत के पक्ष में है. पूरी दुनिया में भारत की साख बुलंदी पर है. दुनियाभर में भारत की चर्चा हो रही है. मेड इन इंडिया भी अब एक सशक्त ब्रांड बन चुका है.
उन्होंने आगे कहा, सामान्य नागरिक के मन में गारंटी बोलते ही चार प्रमुख मानदंड उभर कर उसके सामने आते हैं. इन चार पैमानों पर जो खरा उतरता है वो गारंटी का आधार बनता है. ये चार मापदंड हैं- नीति, नीयत, नेतृत्व और काम करने का ट्रैक रिकॉर्ड. हाल ही में हमने तीन राज्यों में सरकार बनाई है. तेलंगाना में भी बीजेपी के वोट प्रतिशत में रिकॉर्ड इजाफा हुआ है. ये दिखाता है कि 2024 के चुनाव में बीजेपी एक बार फिर ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रही है.