झारखंड के देवघर को बड़ा तोहफा देते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को 16,000 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया। उन्होंने 410 करोड़ रुपये की लागत से बने देवघर एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। यह झारखंड का दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है।

देखिये लाइव- 

 

इसके अलावा, पीएम ने देवघर में एम्स का भी उद्घाटन किया, जिसमें 250 बेड की सुविधा है। मोदी बोले, बाबा वैद्यनाथ के आशीर्वाद से आज 16,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया है। इसका उद्देश्य झारखंड की आधुनिक कनेक्टिविटी, ऊर्जा, स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और पर्यटन को बढ़ावा देना है।

पीएम मोदी ने बताया कि राज्यों के विकास से राष्ट्र का विकास होगा, देश पिछले आठ वर्षों से इसी विचार के साथ काम कर रहा है। पिछले आठ वर्षों में हमने राजमार्ग, रेलवे, हवाई मार्ग, जलमार्ग हर तरह से झारखंड को जोड़ने की कोशिश की हैं। यह विचार, यहीं भावना हमारे लिए सर्वोपरि रही है।

उन्होंने कहा, सरकार के प्रयासों का लाभ आज पूरे देश में महसूस किया जा रहा है। UDAN योजना के तहत पिछले 5-6 वर्षों में लगभग 70 नए गंतव्यों को हवाई अड्डे, हेलीपोर्ट और जल हवाई अड्डे से जोड़ा गया है। आज, आम नागरिकों की 400 से अधिक नए मार्गों तक पहुंच है।

मोदी बोले, बाबा के धाम में आकर हर कोई खुश है। आज हम सभी का सौभाग्य है कि देवघर से झारखंड के विकास में तेजी आई है। बाबा बैद्यनाथ के आशीर्वाद से आज 16,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजना का उद्घाटन और शिलान्यास हुआ है। ये प्रोजेक्ट झारखंड से शुरू हुए हैं लेकिन इसका सीधा फायदा बिहार और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों को होगा। यानी इन परियोजनाओं से पूर्वी भारत के विकास में भी तेजी आएगी।